मुख्यमंत्री नायब सैनी की अगुवाई में हरियाणा का उच्चस्तरीय डेलीगेशन स्वीडन पहुंच गया है। डेलीगेशन 14 से 17 अक्टूबर 2026 तक वहां रहेगा। यात्रा का मकसद राज्य में विदेशी निवेश लाना, वैश्विक औद्योगिक साझेदारी मजबूत करना और तकनीक व सतत विकास में सहयोग बढ़ाना है।
स्वीडन में भारतीय राजदूत अनुराग भूषण ने मुख्यमंत्री और डेलीगेशन का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। यात्रा में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मुख्यमंत्री के साथ हैं। हरियाणा सरकार का जोर ज्यादा से ज्यादा निवेश राज्य में लाने पर है।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: यशवीर सिंह को जैवलिन थ्रो में सिल्वर, CM नायब सैनी ने दी बधाई
इनोवेशन डे में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नायब सैनी 15 अक्टूबर को इंडिया स्वीडन इनोवेशन डे को संबोधित करेंगे। इस मौके पर वह स्वीडन के सरकारी प्रतिनिधियों, वैश्विक उद्योग जगत के बड़े नामों और संभावित निवेशकों के साथ बैठकें करेंगे। इन बैठकों में ऊर्जा, होम फर्निशिंग, रियल एस्टेट, रक्षा और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें: 10 रुपये की थाली कैसे बदल रही महिलाओं की जिंदगी? CM नायब सैनी का फॉर्मूला समझिए
सिस्टर सिटी साझेदारी पर रहेगा फोकस
यात्रा में सिस्टर सिटी साझेदारी और शहरों के बीच सहयोग बढ़ाने पर खास ध्यान दिया जाएगा। उम्मीद है कि इससे टिकाऊ शहरी विकास, तकनीकी जानकारी के आदान प्रदान और आधुनिक शहरी प्रबंधन के क्षेत्र में नए मौके खुलेंगे। यात्रा के दौरान सरकारी स्तर की बातचीत, औद्योगिक बैठकें और बिजनेस राउंडटेबल होंगी। तकनीक और सतत विकास से जुड़ी चर्चाएं भी रखी गई हैं।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि यह यात्रा हरियाणा को वैश्विक औद्योगिक नक्शे पर और मजबूत जगह दिलाने में अहम होगी। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में रोजगार बढ़ाने और आर्थिक विकास को गति देने में भी मदद मिलेगी। हरियाणा सरकार का कहना है कि वह निवेश के अनुकूल माहौल, भरोसेमंद इंफ्रास्ट्रक्चर और नीतिगत स्थिरता के जरिए स्वीडन सहित दुनिया के प्रमुख देशों के साथ साझेदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।