हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने CET-2025 ग्रुप C का रिजल्ट बीते दिसंबर जारी कर दिया था। इस रिजल्ट के अनुसार, प्रदेश के 8.12 लाख युवाओं ने यह परीक्षआ पास कर ली है। CET पास करने के बाद उम्मीदवारों को अलग-अलग भर्तियों में शामिल होना होगा लेकिन CET पास करने के बाद आपको नौकरी मिल जाएगी इसकी गारंटी नहीं है। हालांकि, सरकार ने वादा किया था कि CET पास करने के 1 साल बाद तक नौकरी नहीं लगी तो अगले 2 साल तक हर महीने 9 हजार रुपये दिए जाएंगे।
2024 में जब भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद नायब सिंह सैनी सीएम बने तो पहले ही नवंबर में विधानसभा का सत्र बुलाया गया। विधानसभा के पहले ही सत्र में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने अपने अभिभाषण में सीईटी पास युवाओं को एक साल में सरकारी नौकरी नहीं मिलने पर 9 हजार रुपये हर महीने देने की घोषणा की थी। इसके लिए बताया गया था कि राशि अगले दो साल तक युवाओं को दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: पोस्टिंग से हो गई थी टेंशन, हरियाणा सचिवालय के छठे फ्लोर से कूदकर दे दी जान
सीएम ने क्या कहा?
CET का रिजल्ट जारी होने के बाद अब युवा सरकार को उनका पुराना वादा याद करवा रहे हैं। हालांकि, अभी तक सरकार ने इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम नायब सिंह सैनी से पूछा गया था कि 9 हजार रुपये मासिक कैसे और कब दिए जाएंगे? उस समय सीएम सैनी ने कहा था कि इसकी कार्ययोजना बनाई जाएगी। उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया कि कब तक युवाओं को यह पैसा मिलेगा और क्या शर्तें होंगी।
कितना होगा खर्च?
हरियाणा सरकार ने घोषणा तो कर दी है कि अगर एक साल तक नौकरी नहीं मिली तो हर महीने 9 हजार रुपये दिए जाएंगे लेकिन इसके लिए सरकार के पास कोई प्लान नहीं है। अगर एक युवा को हर महीने 9 हजार रुपये सरकार देती है तो एक साल में 1,08,000 रुपये देने होंगे। सीईटी ग्रुप-सी के रिजल्ट में 8.12 लाख उम्मीदवार पास हुए हैं। अगर इन में से 1 लाख युवाओं को भी नौकरी सरकार दे देती है तो भी 7.12 लाख युवा बेरोजगार रहेंगे। अगर इन सभी युवाओं को सरकार पैसा देती है तो सरकार को कम सम कम 7 हजार करोड़ रुपये की जरूरत होगी।
यह भी पढ़ें: IDFC फर्स्ट बैंक में 590 करोड़ की गड़बड़ी के आरोप में अरेस्ट हुए 4 लोग कौन हैं?
क्या बजट में सरकार देगी तोहफा?
हरियाणा में अब चर्चा है कि सरकार सीईटी पास युवाओं को एक साल में नौकरी नहीं मिलने पर जो 9 हजार मासिक देने की घोषणा की थी, वह कब लागू होगी? 2024 में राज्यपाल ने यह घोषणा की थी लेकिन अभी तक सरकार ने इस पर कोई प्लान नहीं तैयार किया है। युवाओं को उम्मीद थी कि 2025-26 के बजट में 9 हजार रुपये देने की घोषणा की जाएगी लेकिन उम्मीद टूट गई। अब एक साल बाद फिर से युवा उम्मीद लगाकर बैठे हैं। 2026-27 के लिए हरियाणा का बजट 2 मार्च को पेश किया जाएगा। युवाओं को उम्मीद है कि शायद इस बजट में सरकार 9 हजार रुपये देने का वादा पूरा करेगी।