हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति से कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गई हैं। सेहत में सुधार देखते हुए उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। हालांकि, जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उन्हें अगले एक हफ्ते से 10 दिनों तक सेल्फ आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है।
विधायक अनुराधा राणा ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि सभी के प्यार, दुआओं और आशीर्वाद से अब उनका स्वास्थ्य पहले से बेहतर है। डॉक्टरों की सलाह के चलते वह आगामी कुछ दिनों तक किसी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात नहीं कर पाएंगी लेकिन अपने जिले की समस्याओं को लेकर फोन के माध्यम से लगातार उपलब्ध रहेंगी।
यह भी पढ़ें: महिला की गला दबाकर हत्या, कुर्सी पर शव छोड़ भागे बदमाश, जेवर गायब
अनुराधा राणा ने क्या कहा?
कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा ने पोस्ट कर कहा, 'देश और प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं। सभी लोग अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और आवश्यक सावधानी बरतें। अस्पताल में भर्ती रहने के कारण वह विधानसभा के मौजूदा सत्र में भाग नहीं ले सकीं, जिसका उन्हें अत्यंत खेद है। स्वास्थ्य लाभ के बाद अगले विधानसभा सत्र में वह दोगुनी ऊर्जा के साथ भाग लेंगी और क्षेत्र की आवाज को मजबूती से उठाएंगी'।
विधानसभा सत्र में शामिल न हो पाने का खेद
विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती रहने के कारण इस बार विधानसभा सत्र में भी हिस्सा नहीं ले सकीं। उन्होंने इसके लिए खेद जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले विधानसभा सत्र में वह दुगुनी ऊर्जा के साथ सदन में भाग लेंगी।
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत मंत्री, विधायक, संगठन के पदाधिकारी, चेयरमैन, निदेशक और कार्यकर्ता उनका कुशलक्षेम जानने पहुंचे। इसके अलावा बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने फोन, सोशल मीडिया और संदेशों के माध्यम से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
यह भी पढ़ें: मदरसे के लिए पाकिस्तान ने तोड़ा 125 साल पुराना मंदिर, भारत ने मांगा इंसाफ
लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील
अनुराधा राणा ने सभी शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि जिस तरह लोगों ने उन्हें अपनी दुआओं में शामिल किया, उसके लिए वह हृदय से आभारी हैं। विधायक ने कहा कि इन दिनों देश और प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपना ध्यान रखने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।