उत्तर प्रदेश के मथुरा में 10 अप्रैल को नाव पलटने से 16 लोगों की डूबकर मौत हो गई। एक व्यक्ति लापता था। गुरुवार को उसका भी शव बरामद कर लिया गया है। यह हादसा मधुरा के केशी घाट के पास हुआ था। जान गंवाने वाले सभी श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना के रहने वाले थे। यह सभी लोग तीर्थयात्रा पर मथुरा आए थे। दर्दनाक हादसे में बचने वालों में एक नाम 54 वर्षीय राजिंदर कौर बंगा का भी। उनकी जान कैसे बची? यह कहानी सोशल मीडिया पर खूब वायरल है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इंस्टाग्राम एल्गोरिदम की वजह से उनकी जान बची। जब 10 अप्रैल को नाव पलटी तो राजिंदर कौर बंगा भी यमुना की धारा में फंस गई थीं और डूबने लगीं। तभी अचानक उन्हें एक इंस्टाग्राम रील की याद आ गई। इसमें डूबने से बचने के बारे में बताया गया था।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में लुटेरी दुल्हन का कांड, सुहागरात के बाद दूल्हा हुआ कंगाल
राजिंदर कौर ने बताया कि हम बचने का प्रयास कर रहे थे। तभी मुझे इंस्टाग्राम की एक वीडियो याद आ गई। इसमें डूबने से बचने का तरीका बताया गया था। हमने उस रील की तरह किया। अपना मुंह बंद रखा। दोनों हाथों को सीधा रखा और पैरों को हिलाना शुरू किया। कई बार सिर नाव से टकराया, लेकिन हिम्मत नहीं हारी।
मथुरा नाव हादसे में मृतक की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। मृतकों में एक व्यक्ति हरियाणा और बाकी सभी पंजाब के रहने वाले हैं। सोमवार को दो शव मिले थे। वहीं गुरुवार को एक और शव बरामद हुआ है। प्रशासन ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच का आदेश दिया है।
यह भी पढ़ें: 'अंबानी के 1 लाख वोट होंगे और आम आदमी का 1 वोट', ऐसा क्यों बोले तेजस्वी सूर्या?
मथुरा के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चंद्र प्रकाश रावत के मुताबिक देवराहा बाबा आश्रम के पास मिले शव की पहचान यश भल्ला और बंगाली घाट से बरामद दूसरे शव की पहचान मोनिका टंडन के तौर पर हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव पर करीब 32 लोग सवार थे। यह सभी तीर्थयात्री जुगल घाट से देवराहा बाबा घाट की तरफ जा रहे थे। मगर पीपा पुल से नाव टकराकर पलट गई थी।