दिल्ली-NCR में मंगलवार को लोगों ने भीषण गर्मी और उमस का दोहरा असर झेला। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी का वास्तविक अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा लेकिन नमी और गर्म हवाओं के कारण लोगों को तापमान 53.5 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हुआ। शाम 5:30 बजे राजधानी का फील्स लाइक यानी महसूस होने वाला तापमान 53.5°C दर्ज किया गया, जिसने लोगों को बेहाल कर दिया।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस समय दिल्ली में एक साथ दो तरह का मौसम असर दिखा रहा है। एक तरफ पाकिस्तान की ओर से आने वाली गर्म और सूखी हवाएं तापमान बढ़ा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ अरब सागर से चलने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाएं अपने साथ काफी नमी लेकर आ रही हैं। यही वजह है कि थर्मामीटर में तापमान भले ही कम दिख रहा हो लेकिन लोगों को गर्मी कहीं ज्यादा महसूस हो रही है।
यह भी पढ़ें: CBI ने हरियाणा के IDFC और AU बैंक FD घोटाले में दो बैंकरों को किया गिरफ्तार
सूखी और नम हवाओं का बना खतरनाक मेल
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, पाकिस्तान से आने वाली गर्म हवाएं जमीन का तापमान बढ़ा रही हैं, जबकि अरब सागर से आने वाली नम हवाएं वातावरण में उमस बढ़ा रही हैं। गर्मी और नमी के इस मेल से शरीर को पसीना तो आता है लेकिन वह जल्दी सूख नहीं पाता। इसी वजह से लोगों को तापमान वास्तविक से कहीं ज्यादा महसूस होता है और 'फील्स लाइक' तापमान तेजी से बढ़ जाता है।
स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, दोनों तरह की हवाओं के मिलने से दोपहर बाद बादल बनने लगते हैं लेकिन उनमें पर्याप्त नमी नहीं होती कि अच्छी बारिश हो सके। आमतौर पर शाम तक बादल बनते हैं लेकिन तब तक दिन का अधिकतम तापमान दर्ज हो चुका होता है। यही वजह है कि बादलों के बावजूद गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पा रही है।
यह भी पढ़ें: आयुष मलिक ने की घर वापसी, दाढ़ी-बाल कटवाकर माता-पिता के साथ की पूजा-अर्चना
कुछ इलाकों में बूंदाबांदी, फिर भी नहीं मिली राहत
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार को सफदरजंग में 40.5°C, पालम में 41°C, लोधी रोड और आया नगर में 40.1°C, जबकि रिज क्षेत्र में सबसे अधिक 41.5°C तापमान दर्ज किया गया। शहर के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 2 से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सुबह और शाम के दौरान पालम और आया नगर समेत कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई लेकिन इससे गर्मी और उमस में कोई खास कमी नहीं आई।