दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (
SIR
) के बाद 31 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। इसमें करीब 97.5 लाख मतदाताओं के नाम शामिल हैं। वहीं, कुल 1,45,10,299 मतदाताओं में से करीब 47.7 लाख नाम इस लिस्ट में नहीं हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि घर बैठे ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम कैसे चेक करें? इसके लिए कुछ आसान तरीके हैं, जिनकी मदद से आप ऑनलाइन अपना नाम खोज सकते हैं।
आपको बता दें कि जिन लोगों का नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं है वे 30 सितंबर तक फॉर्म 6 और जरूरी दस्तावेजों के साथ अपना दावा पेश कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूजी 4 नवंबर को जारी की जाएगी। SIR के तहत 30 जून से 17 अगस्त तक दिल्ली में घर-घर जाकर मतदाताओं के फॉर्म जुटाए गए। इस दौरान कुल मतदाताओं में से 67.18 फीसदी फॉर्म डिजिटल किए गए। वहीं, 47.7 लाख मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लिकेट और अन्य (ASDDO) कैटेगरी में रखा गया है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में SIR का असर, 47.7 लाख लोगों के नाम कटे; 30 सितंबर तक जुड़वाने का मौका
घर बैठे कैसे चेक करें अपना नाम?
अगर आपके पास वोटर ID कार्ड यानी EPIC नंबर है तो अपना नाम चेक करना सबसे आसान है। इसके लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट electoralsearch.eci.gov.in पर जाएं। अपनी पसंद की भाषा चुनें और EPIC नंबर दर्ज करें। इसके बाद राज्य के विकल्प में NCT of Delhi चुनें, कैप्चा भरें और सर्च बटन पर क्लिक करें। इसके बाद स्क्रीन पर आपके वोटर रिकॉर्ड की पूरी जानकारी दिखाई देगी। यहां आप देख सकते हैं कि आपका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में है या नहीं। अगर नाम है, तो यह भी पता चल जाएगा कि आपका नाम किस सीरियल नंबर पर दर्ज है।
अगर आपको अपना EPIC नंबर याद नहीं है या आपके पास वोटर ID कार्ड नहीं है तब भी आप अपना नाम खोज सकते हैं। इसके लिए voters.eci.gov.in/download-eroll?stateCode=U05 पर जाएं। यहां अपना जिला और विधानसभा क्षेत्र चुनें। इसके बाद नीचे पार्ट नंबर और नाम की एक लिस्ट खुलेगी। इसमें अपने पार्ट नंबर और नाम के सामने दिए गए चेक बॉक्स को सेलेक्ट करें। फिर कैप्चा भरकर डाउनलोड सेलेक्ट PDF पर क्लिक करें। इसके बाद आपके बूथ की पूरी वोटर लिस्ट डाउनलोड हो जाएगी। इस लिस्ट में आप अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम आसानी से खोज सकते हैं।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर में दिया 4 करोड़ का चेक, खाते में थे सिर्फ 3 रुपये
अगर आपका मोबाइल नंबर EPIC से लिंक है तो आप उससे भी वोटर लिस्ट में अपना नाम खोज सकते हैं। इसके लिए electoralsearch.eci.gov.in वेबसाइट पर NCT of Delhi और अपनी भाषा चुनें। इसके बाद EPIC से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालें और कैप्चा भरकर सेंड OTP पर क्लिक करें। मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करने के बाद सर्च बटन दबाएं। इसके बाद आपको पता चल जाएगा कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में आपका नाम है या नहीं।