एक महिला के साथ हनीमून पर ही मारपीट का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि हनीमून में पीरियड्स आने पर उसके साथ मारपीट की। महिला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली है और हनीमून पर अपने पति के साथ अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह गई थी। वहीं पर ही उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित महिला गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र की रहने वाली है। 30 मई 2023 को उसकी शादी दिल्ली के रहने वाले निखिल मिश्रा से हुई थी। शादी के एक महीने बाद महिला अपने पति के साथ 4 जुलाई को हनीमून पर अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह गई।
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद: फर्जी ID से 300 महिलाओं को भेजा अश्लील कंटेंट, पुलिस ने 8 को पकड़ा
यात्रा के बीच ही उसे पेट में तेज दर्द हुआ और पीरियड्स शुरू हो गए। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने उससे पूछा कि उसने पहले इसकी जानकारी क्यों नहीं दी? इसके बाद थप्पड़, लात और घूंसों से पीटा। गला दबाने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर होटल स्टॉफ ने मामले में दखल दिया और मारपीट रुकवाई।
'ससुराल ने ताने मारे और अपमानित किया'
अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि उनके पिता ने दहेज में 20 लाख रुपये नकद, 40 लाख रुपये का सामान और एक कार दी थी। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने दहेज में मिले सामान को लेकर ताने दिए और अपमानित किया। पीड़िता का कहना है कि शादी के महज 45 दिन बाद ही उसे ससुराल से निकाल दिया गया था। महिला ने अपने पति पर धमकी भरे संदेश भेजने का भी आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: अफजाल अंसारी की 12 करोड़ की कुर्क संपत्ति मुक्त, हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
मामले की जांच में जुटी पुलिस
रामगढ़ताल थाना प्रभारी श्यामानंद राय का कहना है कि महिला की शिकायत पर 15 अगस्त को निखिल मिश्रा, उसकी और बहन के खिलाफ मामला दर्जकर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने दहेज का सामान भी वापस नहीं किया।