तेलंगाना के हैदराबाद में हत्या का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पोते ने अपने ही दादा की 70 से ज्यादा बार चाकू से हमला कर हत्या कर दी। प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया है और मामले की जांच शुरू हो गई है। पुलिस ने बताया कि पोते पर इतना खून सवार था कि उसने अपनी मां तक को जख्मी कर दिया।
दरअसल, प्रॉपर्टी विवाद को लेकर वेलजन ग्रुप के सीएमडी के पोते ने इस हत्या को अंजाम दिया है। 86 वर्षीय उघोगपति वी.सी. जनार्दन राव सोमाजीगुडा इलाके में रहते थे। उनका अपने पोते कीर्ति तेजा के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। दादा अलग घर में रहते थे। पोता और उसकी मां गुरुवार को सोमाजीगुडा में राव के घर पर पहुंचे। तेजा की मां किचन में थी। इसी बीच दादा और पोते में प्रॉपर्टी को लेकर बहस शुरू हो गई।
सिर पर गुस्सा सवार, 70 बार घोंपा चाकू
इसी बीच तेजा को गुस्सा आ गया और उसने अपने दादा पर 70 बार चाकू से हमला कर दिया। पोते ने आरोप लगाया है कि उसका दादा बचपन से ही उससे सही से व्यवहार नहीं करता था। वह उसे प्रॉपर्टी भी नहीं देना चाहते थे। इसी को देखते हुए पोते ने अपना गुस्सा निकाला और दादा की हत्या कर दी। घटना के बाद राव को अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: 5 की मौत, 20 वेंटिलेटर पर, क्या घातक होता जा रहा गुलियन बेरी सिंड्रोम?
अमेरिका से पढ़ाई पूरी कर भारत लौटा था
बता दें कि आरोपी ने हाल ही में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका से हैदराबाद लौटा था। हत्या के दौरान मां ने अपने बेटे को रोकने की बहुत कोशिश की थी। इस बीच तेजा ने अपनी मां पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।