ईरान युद्ध के कारण देशभर में LPG संकट पैदा हो गया है। सरकार कह रही है कि LPG की कोई कमी नहीं है लेकिन कुछ लोग काला बाजारी करने लगे हैं। ऐसे लोगों पर एक्शन भी हो रहा है। तेलंगाना के हैदराबाद में पुलिस ने एक अवैध LPG के कारोबार का खुलासा किया है। हैदराबाद के बंजारा हिल्स में पुलिस ने कब्रिस्तान से चल रहे LPG के अवैध धंधे का खुलासा कर 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और 21.8 लाख रुपये से ज्यादा कीमत के सिलेंडर भी बरामद कर लिए हैं।
तेलंगाना पुलिस की टास्क फोर्स को गुप्त जानकारी मिली थी। इसके बाद रविवार को जुबली हिल्स टास्क फोर्स टीम के अधिकारियों ने बंजारा हिल्स पुलिस के साथ मिलकर हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित एक कब्रिस्तान पर रेड डाली। इसमें पुलिस ने सिलेंडर बरामद किए और 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: मार्च के आखिरी दिन बारिश और आंधी करेगी परेशान, जानिए अपने राज्य के मौसम का हाल
कब्रिस्तान को बना दिया था गोदाम
इस छापे में पुलिस ने कुल 414 सिलेंडर जब्त किए हैं। इनमें घरेलू और कॉमर्शियल दोनों तरह के सिलेंडर शामिल थे और कुछ भरे हुए तो कुछ खाली हैं। पुलिस ने बताया कि 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और कालाबाजारी का मुख्य आरोपी मोहम्मद आमिर है, जो शमशाबाद के मामडीपल्ली गांव में ‘मेट्रो गैस एजेंसी’ के नाम से एक एजेंसी चलाता है। उसके पास एक वैध लाइसेंस भी है। हालांकि, उसने गलत तरीके से पैसा कमाने के लिए मजदूरों की मदद से सिलेंडरों को कब्रिस्तान तक पहुंचाया और इसमें उनकी सुरक्षा का ध्यान भी नहीं रखा। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मोहम्मद आमिर ने होटल वालों से लेटर लेकर भारी मात्रा में सिलेंडर खरीद लिए थे।
मंहगे बेच रहा था सिलेंडर
उसने कालाबाजारी के जरिए लोगों से पैसा कमाने का धंधा बना लिया था। वह 19 किलो के सिलेंडर को 6,000 रुपये में बेच रहा था जो आम तौर पर 2,000 रुपये में मिल जाता है। इसके अलावा 4,000 रुपये वाला 47 किलोग्राम का सिलेंडर 8,000 रुपये में बेच रहा था। 500 रुपये में मिलने वाला 5 किलो वाला सिलेंडर भी 2000 रुपये में बेच रहा था। अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह करीब डेढ़ साल से काम कर रहा था।
कितने सिलेंडर हुए बरामद?
आरोपी पूरा गिरोह बनाकर कब्रिस्तान में गोदाम बनाकर गैस सिलेंडर को अवैध रूप से जमा कर उन्हें ऊंची कीमतों पर भेच रहा था। पुलिस ने 47 किलोग्राम के 30 भरे हुए सिलेंडर, 19 किलो वाले 148 भरे हुए सिलेंडर और 192 खाली सिलेंडर जब्त किए। इसके साथ ही 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर 35 भरे हुए और 9 खाली सिलेंडर भी जब्त किए। पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए सिलेंडरों की कीमत 21.88 लाख रुपये है। इसके साथ ही पुलिस ने 11 गाड़ियां भी जब्त की हैं।
यह भी पढ़ें: 2021 में CAA-NRC, 2026 में कैसे SIR के इर्द-गिर्द घूम रही बंगाल की राजनीति?
क्या बोली पुलिस?
पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार के अनुसार, आरोपियों को बंजारा हिल्स के एक कब्रिस्तान में 414 एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से जमा करते हुए पाया गया, ताकि उन्हें अनुचित लाभ के लिए ऊंची कीमतों पर बेचा जा सके। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर कहा, 'हम जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।'