उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से पुलिस विभाग को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। औरंगाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस की मोटरसाइकिल गश्ती (फैंटम) ड्यूटी पर तैनात 2025 बैच के आरक्षी सुधीर ठाकुर ने सरकारी इंसास रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इस बीच, घटना से पहले रिकॉर्ड किया गया एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सिपाही ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
वायरल ऑडियो में सिपाही कहता है, 'मैं नौकरी और जिंदगी से इस्तीफा दे रहा हूं।' यह कहते हुए उसने छुट्टी न मिलने और वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से मानसिक प्रताड़ना दिए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, आरक्षी सुधीर ठाकुर औरंगाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस की मोटरसाइकिल गश्ती ड्यूटी पर तैनात थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना से पहले साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने सरकारी रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: स्कूल में लगवाया था सीक्रेट कैमरा, महिला टीचर से लिपटा मिला टीचर पति
वायरल ऑडियो में लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कथित ऑडियो में सुधीर ठाकुर कहते सुनाई दे रहे हैं, 'मैं नौकरी और जिंदगी से त्यागपत्र दे रहा हूं।' ऑडियो में उन्होंने थाना प्रभारी राहुल कुमार, मुंशी अंकित गुर्जर और एक अन्य पुलिसकर्मी पर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा कि पेट में दर्द की शिकायत के बावजूद उन्हें अवकाश नहीं दिया गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वायरल ऑडियो की प्रमाणिकता की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ कहा जाएगा।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लिया। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी राहुल कुमार, मुंशी अंकित गुर्जर और संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। आरक्षी की मौत के बाद उनके पिता ने सरकार से परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी देने की मांग की है। उनका कहना है कि छोटे बेटे को नौकरी देकर परिवार को आर्थिक सहारा दिया जाए।
यह भी पढ़ें: 'मम्मी-पापा अब चिंता मत करना…', सुसाइड नोट लिखकर पॉलिटेक्निक छात्रा ने दी जान
जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों, वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या थे और क्या किसी स्तर पर लापरवाही या प्रताड़ना की भूमिका रही।