महाराष्ट्र के नासिक में ढोंगी बाबा अशोक खरात का पर्दाफाश हुआ ही था, उसके कुछ ही हफ्तों बाद एक और बाबा का पर्दाफाश हुआ है। इस बाबा पर एक महिला ने आरोप लगाया है कि बाबा ने जादू-टोना का हवाला देकर उसका रेप किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बाबा के पास प्रार्थना के लिए महिला हर गुरुवार को जाती थी। बाबा की नजर महिला पर पड़ी तो वह उसे अश्लील मैसेज भेजने लगा। इसके बाद अगस्त 2024 में उसे एक लॉज में बुलाकर रेप किया। जब महिला ने विरोध किया तो रुद्राक्ष की माला निकालकर जादू-टोने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी बाबा के खिलाफ जादू-टोना विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी बाबा का नाम महेश दिलीप काकड़े है, जो लोगों की समस्याओं को तंत्र-मंत्र से ठीक करने का दावा करता था। पीड़ित महिला एक प्राइवेट अस्पताल में गार्ड की नौकरी करती है। साल 2024 में वह मानसिक तनाव से जूझ रही थी। इसी वजह से उसके परिजन उसे काकड़े के पास ले गए। महेश काकड़े ने दावा किया कि उसके पास दैवीय शक्ति है। महिला की हालत देखकर उसने कहा कि उस पर भूत-प्रेत का साया है और उसे दूर करने का वादा किया।
यह भी पढ़ें: पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान के ससुर और साले क्यों हुए गिरफ्तार? जानिए वजह
दैवीय शक्ति के नाम पर किया रेप
पीड़ित महिला ने बताया कि जब काकड़े ने उसके साथ जबरदस्ती करनी शुरू की तो उसने विरोध किया। इसके बाद उसने कहा, 'मेरे पास दैवीय शक्ति है और तुम विरोध नहीं कर सकती।' यह सुनकर महिला डर गई और खुद को बचा नहीं पाई। महिला ने यह भी दावा किया है कि काकड़े ने उसके अश्लील फोटो खींचे थे और उन्हीं के जरिए उसे धमकाता था। पुलिस के अनुसार, इसी डर की वजह से पीड़िता ने इतने दिनों बाद उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता ने अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति से मदद मांगी थी। यह समिति अंधविश्वास के खिलाफ काम करती है। इसी समिति की मदद से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें: 'उसे आता है इसीलिए लगा दिया', अस्पताल में गार्ड के टांका लगाने पर बोले डॉक्टर
डिलीट किए सबूत
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि काकड़े ने रेप के बाद उसके फोन से अपने मैसेज डिलीट कर दिए थे। इसके बाद कुछ दिनों बाद उसे अपने ऑफिस में बुलाकर धमकी दी, ताकि वह पुलिस में शिकायत न करे। इसी डर की वजह से महिला ने तुरंत पुलिस में शिकायत नहीं की, बल्कि कुछ महीनों बाद हिम्मत जुटाकर एक समिति के पास गई।