मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार को सब्जी मंडी हटाए जाने की कार्रवाई हो रही थी। इंदौर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट इसका विरोध कर रही थीं। इसी दौरान उनकी निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों से बहस और धक्कामुक्की हो गई। इसी धक्कामुक्की के बाद उन्होंने एक अधिकारी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मामला बिगड़ गया और पुलिस ने सोनिला मिमरोट समेत कुल सात प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान जब पुलिस ने कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया को हिरासत में लेने की कोशिश की तो एक व्यक्ति ने उन्हें लात मार दी।
अधिकारियों ने बताया कि सोनिला मिमरोट शहर के फूटी कोठी चौराहे की सब्जी मंडी को ट्रांसफर किए जाने का विरोध करने पहुंची थी और उन्होंने बहस के बाद एक सरकारी कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल ने कहा कि मिमरोट ने सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद पांडे और अन्य लोगों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सात आरोपियों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: 'सर, गलती हो गई, माफ कर दो', मेरठ होटल कांड का आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार
जीतू पटवारी ने बोला हमला
इस मामले पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने X पर लिखा है, 'मुख्यमंत्री के प्रभार वाले इंदौर में सरकारी अत्याचार जारी हैं! फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी हटाने के लिए नगर निगम टीम ने आज फिर खुलेआम गुंडागर्दी की! अस्थायी दुकानें हटाई, दुकानदारों की सब्जियां फेंक दी! नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट जी से दुर्व्यवहार किया! कांग्रेस नेता श्री राजू भदौरिया जी से सरेआम मारपीट की! अहंकारी सुन लें, जनहित में कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा! हम गरीबों की लड़ाई लड़ते रहेंगे!'
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की संपत्ति मामले में CBI-ED जांच नहीं होगी, SC ने पलटा HC का आदेश
चश्मदीदों के मुताबिक, हंगामे के दौरान पुलिस कर्मी जब कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया को हिरासत में लेने के बाद उन्हें उनके दोनों हाथों और दोनों पैरों से पकड़कर पुलिस वाहन में ले जा रहे थे, तब तमाशबीनों की भीड़ में खड़े एक व्यक्ति ने पार्षद को अचानक लात मार दी।इस बारे में पूछे जाने पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अग्रवाल ने कहा, 'अगर हमें घटना का वीडियो मुहैया कराया जाता है, तो जांच के बाद उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।’