logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'सर, गलती हो गई, माफ कर दो', मेरठ होटल कांड का आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

मेरठ में होटल कांड के फरार आरोपी सलमान को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद वह माफी मांगता नजर आया।

मेरठ होटल कांड का आरोपी गिरफ्तार

मेरठ होटल कांड का आरोपी गिरफ्तार, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के मेरठ में होटल कांड के फरार आरोपी सलमान को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। 25 नवंबर को हुई पुलिस की इस कार्रवाई में सलमान घायल हो गया है। गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में वह पुलिसकर्मियों से माफी मांगता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सलमान कहता सुनाई दे रहा है कि सर, गलती हो गई, माफ कर दो, अब नहीं होगी गलती। पुलिसकर्मी उसे उठाकर अस्पताल ले जाते दिखाई दे रहे हैं। 

 

सलमान पर एक युवती को होटल में बंधक बनाने, उसके साथ मारपीट करने और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप है। पुलिस ने अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, एनकाउंटर के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और वह गिर गया, जिसके कारण वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया है।

 

यह भी पढ़ें: खुद बनवाया था चर्च, तोड़फोड़ हुई तो पुलिस से शिकायत करके बुलडोजर से गिरवा दिया

कैसे पकड़ा गया आरोपी?

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सलमान की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी दौरान मेरठ के नारहेड़ा गांव के पास बन रहे अंडरपास के नजदीक पुलिस ने उसकी घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर सलमान ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। इसके बाद वह वहां से भागने की कोशिश करने लगा। भागते समय वह पुल पर चढ़ा और नीचे गिर गया। इस दौरान उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई और वह भाग नहीं पाया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया।

पुलिस ने क्या बताया?

मेरठ के SSP बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि सदर बाजार थाने में एक दलित महिला को बंधक बनाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न करने की शिकायत मिली थी। शिकायत में सलमान नाम के व्यक्ति पर आरोप लगाया गया था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 

 

SSP ने बताया कि 25 नवंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नाहर नरहेड़ा गांव के पास बन रहे अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है। इसके बाद लोहिया नगर और सदर बाजार थाने की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने भी सावधानी बरतते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान सलमान पास के पुल पर चढ़कर भागने लगा, लेकिन उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिरकर घायल हो गया। उसके दोनों हाथों में चोट आई है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेज दिया है। SSP ने कहा कि मामले में आगे की जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की संपत्ति मामले में CBI-ED जांच नहीं होगी, SC ने पलटा HC का आदेश

क्या है मेरठ का होटल कांड?

यह मामला 24 नवंबर को मेरठ के आबूलेन इलाके के एक होटल से सामने आया था। गाजियाबाद की रहने वाली युवती ने आरोप लगाया था कि सलमान ने उसे होटल में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ मारपीट की। युवती के मुताबिक, वह किसी तरह होटल से बाहर निकलकर मदद के लिए चिल्लाने लगी। तभी सलमान ने उसे सड़क पर पकड़ लिया और बाल खींचकर वापस होटल के अंदर ले जाने की कोशिश की। इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया था।

 

युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और दुकानदार मौके पर पहुंचे। लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान भीड़ बढ़ने पर सलमान होटल की छत पर पहुंचा और वहां से कूदकर फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू की। होटल को भी प्रशासन ने सील कर दिया था। अब एनकाउंटर के बाद सलमान की गिरफ्तारी से इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Related Topic:#Uttar Pradesh

और पढ़ें