उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की मौत के मामले में पुलिस का बयान सामने आया है। बता दें कि मालीपुर थाना क्षेत्र स्थित रुधा धमरुआ गांव के घर में 16 अगस्त, 2026 की सुबह करीब 8 बजे आशुतोष मिश्रा की मां की मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे उम्र संबंधी कारणों से हुआ हार्ट अटैक माना गया।
बाद में इस मामले में नया मोड़ आ गया, जब आशुतोष मिश्रा को शक हुआ कि उनकी मां की मौत सामान्य नहीं बल्कि हत्या है, क्योंकि उनके पहने हुए गहने गायब थे। गहनों के गायब होने की बात सामने आते ही पूरा मामला संदिग्ध हो गया और स्थानीय पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।
यह भी पढ़ें: '10 मिनट में लागऑउट, फिर फेल', बॉम्बे HC की क्लर्क परीक्षा पर CJP ने उठाए सवाल
पुलिस ने क्या बताया?
IPS आशुतोष मिश्रा की मां के निधन पर SP प्राची सिंह ने कहा, '16 अगस्त 2026 को दोपहर 1:13 बजे, रमेश चंद्र मिश्रा ने मालीपुर पुलिस स्टेशन को सूचना दी कि आशुतोष मिश्रा की मां की सुबह 8 बजे हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद, दोपहर करीब 2:30 बजे आशुतोष मिश्रा को शक हुआ कि उनकी मां की हत्या की गई है, क्योंकि उनके पहने हुए गहने गायब थे।'
प्राची सिंह ने बताया कि अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया और शुरुआती जांच की, जिसमें शरीर पर चोट या संघर्ष का कोई निशान नहीं मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। तीन डॉक्टरों की एक टीम ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया और रिपोर्ट में विसरा को सुरक्षित रखने की जरूरत बताई गई।
इसके अलावा, कार्डियक अरेस्ट का कारण पता लगाने के लिए दिल को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि कार्डियक अरेस्ट के बारे में स्पष्टता हो सके। प्राची सिंह के मुताबिक, इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई चल रही है।'
हत्या और डकैती का मामला दर्ज
लखनऊ में तैनात आशुतोष मिश्रा दोपहर करीब 3 बजे गांव पहुंचे और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और डकैती का मामला दर्ज कराया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोने की चेन, नोज पिन, झुमके और पायल गायब थे लेकिन घर का कोई अन्य सामान अस्त-व्यस्त नहीं मिला। परिवार को शक है कि चोर शनिवार रात घर में घुसे और गहने ले जाने से पहले उनकी हत्या कर दी।