झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मरीन ड्राइव के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 2:30 से 3 बजे के बीच हुआ। सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे एक ट्रक पहले से खड़ा था। बताया जा रहा है कि ट्रक बुधवार रात से खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। आसपास के लोगों ने टक्कर की तेज आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम भी वहां पहुंच गई।
यह भी पढ़ें: बिहार कैबिनेट में 24 प्रस्तावों पर लगी मुहर, 2 यूनिवर्सिटी खोलने को मिली मंजूरी
कार में 4 लोग थे सवार
हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। इनमें मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल शामिल थे। मृतकों में दो युवक और दो युवतियां थीं। पुलिस ने सभी के परिवारों को हादसे की जानकारी दे दी है। सभी लोग कार से बंगाल से जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान मरीन ड्राइव के पास कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह टूट गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालना भी मुश्किल हो गया।
कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। इसके बाद चारों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। जमशेदपुर के DSP मनोज ठाकुर के मुताबिक, हादसे की असली वजह की जांच की जा रही है। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की मौत की खबर मिलते ही गोड्डा और महागामा में उनके घर पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। दीपिका पांडेय सिंह गोड्डा जिले के महागामा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद वह जमशेदपुर के लिए रवाना हो गईं।
यह भी पढ़ें: लापता हो गया है पालतू कुत्ता, ढूंढकर लाने वाले को मिलेगा 25 हजार का इनाम
हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दुख जताया। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता के लिए बहुत बड़ा होता है।
फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई थी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और टक्कर किन हालात में हुई। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आएगी।