हरियाणा की जननायक जनता पार्टी (JJP) के सर्वेसर्वा अजय चौटाला ने महेंद्रगढ़ जिले में एक विवादित बयान दिया। अब उनके बयान पर सियासत तेज हो गई है। अजय चौटाला ने जनता से नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश की तर्ज पर तख्तापलट करने की मांग की। अपने भड़काऊ भाषण में अजय चौटाला जनता को सरकार में बैठे लोगों को सड़क पर पीटने के लिए उकसा रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने कांग्रेस पर बीजेपी की बी टीम बनकर काम करने का आरोप लगाया। अजय चौटाला ने लोगों से सरकार के खिलाफ लामबंद होने की भी अपील की।
वहीं हरियाणा से कांग्रेस सांसद जय प्रकाश ने अजय चौटाला के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ये उनका मामला है। मैंने एक बात साफ कही थी कि लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन वोट से होता है, जबरदस्ती या डराने-धमकाने से नहीं। लोगों को वोट देने से मत रोकिए।
यह भी पढ़ें: 'अगर प्रदर्शनकारियों को मारा तो अमेरिका दखल को तैयार', ट्रंप की ईरान को धमकी
उधर, हरियाणा सरकार में मंत्री गौरव गौतम ने अजय चौटाला के बयान की निंदा की और कहा, 'यह पूरी तरह गलत बयान है। ऐसी सोच नहीं अपनानी चाहिए। यह एक लोकतांत्रिक देश है। दुनिया भारत से प्रेरणा लेती है। नेताओं को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए।'
अजय चौटाला के विवादित बयान पर मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा, 'इस पर कार्रवाई होगी या नहीं। इस विषय पर अभी कुछ नहीं कह सकता हूं। मगर लोकतांत्रिक सिद्धांतों का पालन किया जाएगा। लोग खुद इसकी निंदा करेंगे। चौटाला जी ने एक बार कहा था, 'मैं सारे घाव सह लूंगा, लेकिन वोटों का घाव नहीं सहूंगा।'
यह भी पढ़ें: 'हम दिल्ली आ गए तो अमित शाह पानी में बह जाएंगे', ऐसा क्यों बोले अभिषेक बनर्जी?
आखिर अजय चौटाला ने क्या कहा?
महेंद्रगढ़ में अजय चौटाला ने कहा, 'बुजुर्गों और नौजवान दोस्तो अब बदलाव की जरूरत है। बदलाव आप लोग लेकर आएंगे। आप और हम सब मिलकर लाएंगे, तभी बदलाव आएगा। अब वह समय आ गया है। अपने आपको संगठित करो। इकट्ठा करने का काम करो और जब भी वो मौका आए, जिस तरीके से हमारे पड़ोसी मुल्कों श्रीलंका में नौजवानों ने वहां सरकार का तख्तापलट करके रातोंरात उन्हें भागने पर मजूबर किया। जैसे बांग्लादेश के लोगों ने वहां की सरकार का तख्तापलट करके उन शासकों को देश छोड़ने के लिए मजबूर किया। जिस तरीके से नेपाल में वहां के नौजवानों ने लामबंद होकर न केवल उनको पीटने का काम किया, बल्कि रातोंरात देश छोड़ने पर मजबूर किया। इसी तरीके इन शासकों को गद्दी से खींचकर सड़कों पर दौड़ाकर पीटने का काम करना पड़ेगा। इनको देश छोड़ने पर मजबूर करने का काम करना पड़ेगा। तभी जाकर हमारा इस कुशासन से पीछा छूटेगा।'
कौन हैं अजय चौटाला?
बता दें कि अजय चौटाला हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के पिता हैं। शिक्षक भर्ती घोटाले में अजय चौटाला को 10 साल की सजा हुई थी। 2022 में सजा पूरी होने के बाद उन्हें दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा किया गया था। अजय लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके हैं। हरियाणा के जूनियर बेसिक ट्रेनिंग (JBT) शिक्षक भर्ती घोटाले 16 जनवरी 2013 को सजा सुनाई गई थी। उनके पिता ओमप्रकाश चौटाला हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री थे। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) प्रमुख अभय चौटाला उनके भाई हैं।