उत्तर प्रदेश के कानपुर में जमीन पर कब्जे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और 2 पक्षों में इसको लेकर जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दोनाली बंदूक और तमंचों से कई राउंड फायरिंग कर दी। इसमें चार लोगों के घायल होने की खबर है। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस इस मामले में जांच में जुट गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना बिधनू के दहेली उजागर गांव की है, जहां बुधवार दोपहर जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। इस दौरान फायरिंग भी हुई थी। फायरिंग में घायल हुए चार लोगों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी बिधनू भिजवाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। मामला करीब तीन बीघा जमीन के एक हिस्से पर कब्जे और खेत की मेड़ पर पिलर लगाने से जुड़ा है। बुधवार, 4 नवंबर को विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। इसमें चार लोग घायल हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अखिलेश राजपूत ने 2024 में अपने पिता रोशन लाल के नाम पर दहेली उजागर गांव में करीब तीन बीघा जमीन खरीदी थी।
इसके करीब दो महीने पहले मुन्ना सिंह राठौर ने भी इसी जमीन के बगल में लगभग दो बीघा जमीन खरीदी थी। आरोप यह है कि मुन्ना सिंह राठौर ने अखिलेश के परिवार की जमीन के कुछ हिस्से पर कब्जा कर लिया था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
एक ही परिवार के 4 लोग घायल
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर अखिलेश राजपूत अपने बेटे शीबू, भाई महेश राजपूत और भतीजे साहिल के साथ खेत पर पहुंचे थे। आरोप है कि खेत की मेड़ पर पिलर लगाने और जमीन पर कब्जे को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। बाद में बात मारपीट तर पहुंच गई। शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने दोनाली बंदूक और तमंचों से कई राउंड फायरिंग कर दिए। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
इस घटना में गोली लगने से अखिलेश के दाएं पैर, उनके बेटे शीबू के दाएं पैर और महेश के बेटे साहिल के कमर के नीचे चोट आई। वहीं महेश के हाथ-पैर में गोली के छर्रे लगे और गिरने से उनके सिर पर भी काफी चोट आई है। घायलों में साहिल की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची।
जमीन विवाद को लेकर पहले भी की थी शिकायत
बताया जा रहा है कि घायल पक्ष ने जमीन पर कब्जे को लेकर पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसपर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा था कि अगर जांच में शिकायत मिलने के बावजूद पुलिस की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाएगा।
इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच के लिए दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ कर रही है। इस बीच, बिठूर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली शिकायतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।