कर्नाटक सरकार ने नए मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा कर दिया है। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने वित्त और कैबिनेट मामलों समेत कई महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं। सरकार ने सभी 23 मंत्रियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। विभागों के बंटवारे में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, उद्योग, श्रम, कल्याण और शहरी विकास जैसे अहम विभाग शामिल हैं। मुख्यमंत्री के पास कई बड़े विभाग रहने से सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों में उनकी भूमिका और मजबूत होगी।
डीके शिवकुमार वित्त, कैबिनेट मामले, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार, खुफिया, सूचना, कानून, न्याय और मानवाधिकार विभाग संभालेंगे। उनके पास संसदीय कार्य एवं विधायी मामले, कृषि विपणन और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग कमिश्नरेट की जिम्मेदारी भी होगी। BDA और BMRDA के तहत आने वाले शहरी स्थानीय निकाय भी मुख्यमंत्री के अधीन रहेंगे।
यह भी पढ़ें: भूस्खलन के बाद घर पर गिर गया पहाड़ का हिस्सा, 3 बच्चों समेत 6 की मौत
जिन विभागों का बंटवारा नहीं हुआ है वे भी फिलहाल मुख्यमंत्री के पास रहेंगे। बीजेड जमींर अहमद खान को आवास, रामलिंगा रेड्डी को वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण और लक्ष्मण सावदी को सहकारिता विभाग दिया गया है। केएच मुनियप्पा सामाजिक कल्याण विभाग संभालेंगे।
शिक्षा-स्वास्थ्य समेत कल्याण विभाग बंटे
शिवराज तंगडगी को पिछड़ा वर्ग कल्याण और कन्नड़ एवं संस्कृति विभाग मिला है। यूटी खादर अल्पसंख्यक कल्याण, हज एवं वक्फ तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग देखेंगे। टी. रघुमूर्ति को अनुसूचित जनजाति कल्याण, डॉ. अजय सिंह को लघु सिंचाई और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और चेलुवरायस्वामी को प्रमुख एवं मध्यम सिंचाई विभाग दिया गया है। मधु बंगारप्पा प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा और बसवराज राय रेड्डी उच्च शिक्षा विभाग संभालेंगे।
यह भी पढ़ें: चुनावी खर्च का हिसाब नहीं दिया, 44 उम्मीदवार अब 3 साल तक नहीं लड़ पाएंगे चुनाव
कृषि से उद्योग तक किसे क्या मिला?
शिवलिंगे गौड़ा को आबकारी, पुट्टरंगा शेट्टी को पशुपालन एवं रेशम उत्पादन और विजयानंद काशप्पनावर को लघु उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम विभाग मिला है। संतोष लाड श्रम एवं रोजगार विभाग संभालेंगे। केएस बसवन्तप्पा को मुजराई, मत्स्य पालन, बंदरगाह और अंतर्देशीय जल परिवहन की जिम्मेदारी दी गई है। एसएस मल्लिकार्जुन खान एवं भूविज्ञान और बागवानी विभाग देखेंगे।
रिजवान अरशद खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले, नरेंद्र स्वामी कृषि और एचसी बालकृष्ण नगर प्रशासन विभाग संभालेंगे। बी. नागेंद्र को योजना एवं सांख्यिकी विभाग मिला है। इस तरह कर्नाटक के सभी 23 मंत्रियों को विभाग मिल गए हैं। सबसे खास बात यह है कि वित्त, कानून, खुफिया और प्रशासन जैसे कई महत्वपूर्ण विभाग मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के पास ही हैं।