logo

मूड

ट्रेंडिंग:

कटिहार में ट्रेन से 4 विदेशी धराए, म्यांमार के युवक के साथ 3 नाबालिग लड़कियां

कटिहार रेलवे स्टेशन पर नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से चार विदेशी नागरिक पकड़े गए हैं। इनमें म्यांमार का एक युवक और तीन नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। चारों के पास भारत में रहने के जरूरी कागज नहीं मिले।

AI generated image

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- Gemini

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के कटिहार रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की टीम ने नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से चार विदेशी नागरिकों को पकड़ा है। इनमें म्यांमार का एक युवक और तीन नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। चारों के पास भारत में आने या रहने से जुड़े कोई वैध पासपोर्ट, वीजा या दूसरे कागज नहीं मिले। पूछताछ में पता चला कि चारों कामाख्या से जम्मू जा रहे थे। RPF ने म्यांमार के युवक के पास से मोबाइल फोन, भारतीय रुपये और बांग्लादेशी टका भी बरामद किए हैं। भारत में अवैध तरीके से आने के मामले में कटिहार रेल थाने में केस दर्ज किया गया है। मामले को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

जानकारी के अनुसार, RPF को सूचना मिली थी कि नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12505) में कुछ विदेशी नागरिक बिना जरूरी कागजों के सफर कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कटिहार में RPF और GRP की टीम ने ट्रेन के कटिहार जंक्शन पहुंचते ही तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान जनरल कोच में चार लोग संदिग्ध हालत में मिले। जब उनसे पहचान पत्र और यात्रा से जुड़े कागज मांगे गए तो वे कोई वैध कागज नहीं दिखा सके। पूछताछ के दौरान उनकी भाषा और व्यवहार को देखकर भी पुलिस को शक हुआ। इसके बाद चारों को ट्रेन से उतारकर हिरासत में लिया गया और पूछताछ के लिए RPF पोस्ट लाया गया।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में UCC पर NDA में मतभेद, JDU बोली- लागू नहीं होगा, HAM समर्थन में

कामाख्या से जम्मू जा रहे थे

पकड़े गए लोगों में एक युवक की पहचान मुहम्मद नूर आलम के रूप में हुई है। वह खुद को म्यांमार का नागरिक बता रहा है। उसकी उम्र करीब 22 से 25 साल बताई जा रही है। उसके साथ तीन नाबालिग लड़कियां भी थीं। उनकी उम्र 14 से 17 साल के बीच बताई जा रही है। सुरक्षा और नियमों को देखते हुए तीनों लड़कियों को सुरक्षित रखा गया है। उन्हें बाल कल्याण समिति के सामने पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

RPF अधिकारियों के अनुसार, आलम के पास से एक मोबाइल फोन, कुछ भारतीय रुपये और बांग्लादेशी टका मिले हैं। उसके पास पासपोर्ट, वीजा या भारत में रहने से जुड़ा कोई वैध कागज नहीं मिला। तीनों लड़कियों के पास भी कोई वैध पहचान पत्र नहीं मिला है। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह और उसके साथ की लड़कियां असम के कामाख्या से ट्रेन में सवार हुए थे और जम्मू जा रहे थे। हालांकि वह भारत में कैसे और किस रास्ते से आया इस सवाल पर पुलिस को सही जानकारी नहीं दे रहा है।

 

शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि चारों बांग्लादेश के रास्ते भारत में अवैध तरीके से आए और फिर असम से ट्रेन पकड़कर आगे जा रहे थे। कटिहार का रेल रूट पूर्वोत्तर को देश के दूसरे हिस्सों से जोड़ता है। ऐसे में पुलिस इस रास्ते से विदेशी नागरिकों के आने-जाने को लेकर भी जांच कर रही है।

मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

RPF ने इस मामले में कटिहार रेल थाने में विदेशी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। म्यांमार के नागरिक आलम को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं तीनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रखा गया है। पुलिस और दूसरी जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि तीनों लड़कियां इस युवक के साथ कैसे आईं और उन्हें जम्मू क्यों ले जाया जा रहा था। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह मानव तस्करी का मामला तो नहीं है। लड़कियों को बहला-फुसलाकर या जबरन कहीं ले जाने की बात भी जांच के दायरे में है।

 

बरामद मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया गया है। अब उसकी जांच की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मोबाइल से किन लोगों से बात हुई थी, किसने इन लोगों को भारत आने में मदद की और जम्मू में कौन उनका इंतजार कर रहा था। इसके लिए मोबाइल की कॉल डिटेल भी देखी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: शराब नहीं मिली तो युवक को ले गई पुलिस, छोड़ने के बदले मांगने रुपये 

सुरक्षा एजेंसियां भी हुईं अलर्ट

कटिहार सीमांचल का इलाका है और यह नेपाल और बांग्लादेश की सीमा के करीब है। ऐसे में चार विदेशी नागरिकों के पकड़े जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं। RPF ने इसकी जानकारी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और स्थानीय पुलिस की स्पेशल ब्रांच को भी दी है। रेल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत में अवैध तरीके से आना गंभीर अपराध है। पकड़े गए लोगों से मिलकर पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे भारत क्यों आए थे और कहीं इनके पीछे कोई तस्करी या दूसरा नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा था।

 

कटिहार रेल मंडल में इस तरह की कार्रवाई पहले भी होती रही है। नॉर्थ ईस्ट के रास्ते रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध तरीके से भारत आने और देश के दूसरे हिस्सों में जाने के मामले सामने आते रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में भी RPF ने बांग्लादेश और म्यांमार के कई नागरिकों को पकड़ा था। फिलहाल RPF और GRP की टीम चारों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि चारों भारत कैसे पहुंचे और इस मामले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क है या नहीं।


और पढ़ें