केरल की एक कोर्ट में सोमवार को हैरान करने वाली घटना घटी। यहां हत्या के आरोपी शख्स को कोर्ट ने दो लोगों की हत्या का दोषी पाया। जैसे ही कोर्ट ने उसे दोषी पाया, उसने कोर्ट के सामने ही तपाक से कहा कि उसे 'कोई पछतावा नहीं है' और अगर कोई उसके रास्ते में आया तो वह फिर से हत्या कर देगा।
यह मामला पलक्कड़ जिले के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट का है। कोर्ट में चेंथामारा (58) नाम के हत्या के आरोपी को लेकर सुनवाई चल रही थी। चेंथामारा के ऊपर आरोप था कि उसने जनवरी 2025 में अपने पड़ोसी सुधाकरन और उसकी मां लक्ष्मी की हत्या कर दी थी।
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद: 7 साल की मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या, पोस्टमॉर्टम में क्या पता चला?
सुधाकरन की पत्नी की भी हत्या
इससे पहले भी चेंथामारा हत्या कर चुका था। उसने साल 2019 में पोथुंडी में सुधाकरन की पत्नी सजिता की हत्या कर दी थी। पिछले साल कोर्ट ने इस मामले में भी उसे दोषी ठहराया था। कोर्ट ने पाया कि चेंथामारा को हत्याएं करने और समाज के लिए खतरा पैदा करने का कोई पछतावा नहीं है।
'मुझे कोई पछतावा नहीं है'
कोर्ट की इसी टिप्पणी पर चेंथामारा ने कहा, 'हां, मुझे कोई पछतावा नहीं है। मैं गांधीवादी नहीं हूं। अगर कोई मेरे रास्ते में आया तो मैं फिर से हत्या करूंगा।' दोषी चेंथामारा ने कोर्ट से कहा कि उसे फांसी पर लटका दिया जाए।
यह भी पढ़ें: पूर्णिया: मानव तस्करी रैकेट पर कार्रवाई, पुलिस ने 3 बच्चियां बचाईं; सरगना फरार
15 जुलाई को सुनाई जाएगी सजा
हालांकि दोषी को सजा 15 जुलाई को सुनाई जाएगी। ट्रायल कोर्ट ने चेंथामारा को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 101 (हत्या) और 126 (गलत तरीके से रोकना) के तहत दोषी पाया।
कोर्ट ने इस मामले में सभी बातों की बारीकी से जांच की और सोमवार को फैसले सुनाया। कोर्ट ने सबूत, गवाहों के बयान, साथ ही मेडिकल और फोरेंसिक सबूतों को देखते हुए फैसला सुनाया।