बिहार के खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र के छोटी चक में एक महिला अंचल अमीन के फंदे से लटककर आत्महत्या करने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गोगरी अंचल और डीसीएलआर कार्यालय में कार्यरत बरखा रानी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कटिहार जिले के सेमापुर की रहने वाली थी और गोगरी में किराए के मकान में रहकर नौकरी कर रही थी। घटना छोटी चक स्थित नवीन पंडित के घर की है। बरखा रानी इसी मकान में किराए पर रहती थी। जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो मकान मालिक और आसपास के लोगों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो बरखा का शव पंखे की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। यह देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। तुरंत इसकी सूचना गोगरी थाने को दी गई।
सूचना मिलते ही गोगरी एसडीओ संजय कुमार, डीसीएलआर राजकुमार, डीएसपी चंदन ठाकुर, सीओ आमिर हुसैन और थानाध्यक्ष अरबिंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कमरे को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अरबिंद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। बरखा ने अपने ही दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या की है। कमरे से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने आत्महत्या का कदम क्यों उठाया।
यह भी पढ़ें: रोहतास मानव तस्करी मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान से बरामद हुई पीड़िता
पुलिस खंगाल रही है कॉल डिटेल्स
पुलिस ने बरखा के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है और उसके कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं। साथ ही कमरे की तलाशी ली जा रही है। परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बरखा रानी के परिजनों को कटिहार में घटना की सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट या ऐसा कागज नहीं मिला है जिससे आत्महत्या की वजह साफ हो सके।
बरखा गोगरी अंचल और डीसीएलआर कार्यालय में अंचल अमीन के पद पर कार्यरत थी। सहयोगियों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से गोगरी में ही रहकर ड्यूटी कर रही थी। ऑफिस में वह मिलनसार और मेहनती मानी जाती थी। अचानक इस तरह की घटना से उनके सहकर्मी भी हैरान हैं। डीसीएलआर राजकुमार और सीओ आमिर हुसैन ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और पुलिस को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें: एडमिशन नहीं मिला तो हैक कर ली IIT की वेबसाइट, फिर बोला- स्किल दिखा रहा था
पुलिस कर रही है हर एंगल से जांच
घटना के बाद छोटी चक और आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग पारिवारिक तनाव की बात कर रहे हैं तो कुछ नौकरी से जुड़े दबाव की लेकिन पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी एंगल से इनकार या पुष्टि नहीं की जा सकती। हर पहलू पर जांच की जा रही है। एसडीओ संजय कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारण सामने आएंगे। साथ ही मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही यह पता चल पाएगा कि इसके पीछे क्या वजह रही गोगरी में इस तरह की घटना से सरकारी कर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों को खंगालने में जुटी है। मोबाइल, कमरे में रखे सामान और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरखा ने यह कदम क्यों उठाया।