राजस्थान में पंचायत चुनाव में BJP को उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिले। इसके बाद मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के एक बयान से सियासी हलचल मच गई। उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा था कि वहां मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद BJP ने बड़ी जीत हासिल की। उनके इस बयान को राजस्थान में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा से जोड़कर देखा गया।
हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद किरोड़ी लाल ने सफाई दी। उन्होंने सफाई देते हुआ कहा कि उनका बयान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ नहीं था। उन्हें मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। अगला विधानसभा चुनाव भी भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
'मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर पूरा भरोसा'
किरोड़ी लाल ने कहा कि पंचायत चुनाव में जनता ने BJP को उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं दिए। पार्टी इस हार से निराश नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैंने हरियाणा का उदाहरण दिया था, लेकिन इसका मतलब मुख्यमंत्री के खिलाफ बोलना नहीं था। मुझे उनके नेतृत्व पर पूरा भरोसा है।' उन्होंने बताया कि सवाई माधोपुर में सड़क, पानी, बिजली और सिंचाई से जुड़े कामों के लिए 850 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट मंजूर हुए हैं। इन पर काम भी चल रहा है।
मंत्री ने पंचायत चुनाव में हार की जिम्मेदारी खुद भी ली। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास के लिए कई काम किए। लेकिन वह अपने विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को जीत नहीं दिला सके। इसलिए हार के लिए सिर्फ मुख्यमंत्री को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा, 'यह सिर्फ मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी नहीं है। इस स्थिति के लिए हम सभी जिम्मेदार हैं। हम हार के कारणों की जांच करेंगे और उन्हें सुधारेंगे।'
यह भी पढ़ें: ओवैसी-चंद्रशेखर की रैली में तीसरे दल की होगी एंट्री , 5 लाख भीड़ जुटाने का दावा
'पंचायत चुनाव के नतीजे अचानक आए'
किरोड़ी लाल ने चुनाव नतीजों को अप्रत्याशित बताया। उन्होंने कहा कि वह लगातार गांवों में जाते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्हें ऐसे नतीजों का अंदाजा नहीं हुआ था। उन्होंने कहा, 'यह वैसा ही था, जैसे सर्दियों में किसान सुबह उठता है और देखता है कि फसल पर अचानक पाला पड़ गया। तूफान आने का अंदाजा हो जाता है। लेकिन पाला अचानक पड़ता है। पंचायत चुनाव में भी ऐसा ही हुआ।'
इससे पहले 23 नवंबर को किरोड़ी लाल ने हरियाणा का उदाहरण दिया था। उन्होंने कहा था कि मनोहर लाल खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाने के बाद BJP ने वहां बड़ी जीत हासिल की। उनके इस बयान को राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा से जोड़कर देखा गया। अब उन्होंने कहा है कि पार्टी के पास विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए अभी दो साल हैं। इन गलतियों को सुधारकर BJP फिर वापसी करेगी।