पश्चिम बंगाल कोलकाता के नागेरबाजार इलाके मं सड़क पर रास्ता रोककर खड़े युवकों को हटने के लिए कहना एक महिला और उसके दोस्त को भारी पड़ गया। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने दोनों को बाइक से उतारकर उनके साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ भी की गई। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि मुख्य आरोपी समेत कुछ अन्य लोग फरार हैं।
घटना शुक्रवार रात करीब 9:40 बजे कामारडांगा के पास की बताई जा रही है। डमडम की रहने वाली 24 वर्षीय महिला अपने पुरिष दोस्त के साथ बाइक से नागेरबाजार से लेक टाउन की ओर जा रही थी। इसी दौरान कुछ युवक जेसेर रोड के बीच में खड़े होकर बहस कर रहे थे, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हो रहा था। महिला और उसके दोस्त ने युवकों से रास्ता खाली करने को कहा। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: पटना से दिव्या तो सारण से अफक को टिकट, PK की पार्टी ने उतारे 5 MLC प्रत्याशी
रास्ता खाली करने को कहा तो शुरू हुआ विवाद
महिला और उसके दोस्त ने पहले युवकों से सड़क से हटने की अपील की। जब उन्होंने बात नहीं मानी तो महिला ने विरोध किया और उसके दोस्त ने बाइक का हॉर्न बजाया। आरोप है कि इससे युवक भड़क गए। उन्होंने महिला और उसके दोस्त को बाइक से नीचे उतार लिया और उनके साथ मारपीट की। महिला ने पुलिस को दो शिकायत में आरोप लगाया कि हमल के दौरान उसके साथ छेड़छाड़ भी की गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवकों में कुछ नशे में थे और सड़क के बीच में खड़े होकर हंगामा कर रहे थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के कुछ रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों को बचाने और विवाद शांत कराने की कोशिश की। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने रिश्तेदारों के साथ भी मारपीट की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान बंदूक की बट का इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद महिला ने नागेरबाजार थाने में चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मारपीट और छेड़छाड़ से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: 'खाली जमीन, पानी नहीं', CJP ने राजस्थान के आदिवासी स्कूलों की खोली पोल
मुख्य आरोपी समेत कई फरार
पुलिस के मुताबिक, छेड़छाड़ के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी समेत शिकायत में नामजद कुछ अन्य लोग अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले में गवाहों से पूछताछ की गई है और उपलब्ध सबूतों की जांच की जा रही है।