उत्तर प्रदेश के जिला कुशीनगर में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार समेत पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह पेट्रोल पंप के पास तिलक समारोह से लौट रही वैन की सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के रहने वाले थे। वे रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। जिस घर में मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां थीं, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भलुही निवासी प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद अपने परिवार और परिचितों के साथ हाटा कोतवाली क्षेत्र के देवराज पिपरा गांव में रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग देर रात वैन से अपने गांव लौट रहे थे। रविवार रात करीब 12 बजे उनकी वैन थरुआडीह पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
यह भी पढ़ें: चरित्र पर शक और घरेलू कलह का खूनी अंत, पत्नी को मारकर पति ने दी जान
वैन में फंसे लोग, चीख-पुकार के बीच बचाव
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वैन में सवार लोग बुरी तरह फंस गए थे। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई।
प्रधान प्रतिनिधि समेत छह लोगों की गई जान
हादसे में भलुही गांव के प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद (45), उनके परिवार के रामबेलास (65) और राममिलन (35), मृदुल मिश्रा (37), रंजय गुप्ता (35) और मिथिलेश गुप्ता (22) की मौत हो गई। वहीं राममिलन के बेटे आयुष (12) और आर्यन (17) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक ही गांव के छह लोगों की मौत की खबर पहुंचते ही भलुही में मातम छा गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: 24 लाख के विवाद में हत्या, 5 लाख की सुपारी देकर रची साजिश; चार गिरफ्तार
ट्रेलर चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मांगलिक समारोह से लौट रहे लोगों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।