उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पारिवारिक विवाद का खौफनाक अंत सामने आया है। पाली थाना क्षेत्र के कछलियनपुरवा गांव में पत्नी के चरित्र पर शक और आए दिन होने वाले घरेलू विवाद के बीच एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी घर के कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी।
पति ने पत्नी के पेट पर चाकू से कई वार किए और चेहरे पर ईंट से भी हमला किया था। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब दंपती का नौ वर्षीय बेटा खेलने के बाद घर पहुंचा। बरामदे में मां का खून से लथपथ शव देखकर उसके होश उड़ गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो घर के दूसरे कमरे में पिता का शव भी फंदे से लटका मिला। दो मौतों से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
कछलियनपुरवा गांव निवासी 52 वर्षीय लालपूत राठौर राजमिस्त्री का काम करते थे। उनकी पत्नी जनुका की उम्र करीब 50 वर्ष थी। शनिवार को लालपूत रोज की तरह काम पर गए थे। शाम करीब 4:30 बजे घर लौटने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। उस समय जनुका घर के बरामदे में चारपाई पर बैठी थीं। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर लालपूत ने पास में रखे चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। उन्होंने जनुका के पेट पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इसके बाद ईंट से उनके चेहरे पर भी हमला किया। गंभीर चोटों के कारण जनुका की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की हत्या के बाद कमरे में लगा ली फांसी
पत्नी की हत्या करने के बाद लालपूत बरामदे के पीछे बने कमरे में चले गए। कुछ समय बाद उनका शव भी कमरे में फंदे से लटका मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: हाथ पकड़ा, जबरन किस करने की कोशिश; UP में हेडमास्टर पर रेप का आरोप
नौ साल के बेटे ने घर पहुंचकर देखा मंजर
दंपती की हत्या और आत्महत्या का मामला तब सामने आया, जब उनका नौ वर्षीय बेटा पुष्पेंद्र खेलने के बाद घर पहुंचा। बरामदे में मां का शव देखकर वह घबरा गया और शोर मचाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग घर पहुंचे। इसके बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने घर के अंदर तलाश की तो लालपूत का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। कुछ ही देर में पूरे गांव में घटना की खबर फैल गई।
करवा चौथ पर भी हुआ था पति-पत्नी में विवाद
पुलिस के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि करवा चौथ की रात भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। उस समय पूजा का सामान लाने को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी। शनिवार शाम एक बार फिर दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला इस खौफनाक घटना तक पहुंच गया। वहीं, ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि पति-पत्नी एक-दूसरे के चरित्र पर शक करते थे और इसी वजह से उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
आठ बच्चों के माता-पिता थे दंपती
लालपूत और जनुका के आठ बच्चे हैं। इनमें छह बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। दो बेटे अर्जुन (18) और पुष्पेंद्र (9) गांव में ही माता-पिता के साथ रहते थे, जबकि बाकी बच्चे पानीपत और दिल्ली में रहकर काम करते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। करीब 15 दिन पहले तक परिवार गांव के पुराने मकान में रह रहा था।
वहां होने वाले विवाद की जानकारी आसपास के लोगों को भी हो जाती थी। बताया जाता है कि इसी वजह से परिवार गांव के बाहरी हिस्से में बने दूसरे मकान में रहने चला गया था। हालांकि, नए मकान में आने के बाद भी दोनों के बीच विवाद थमा नहीं था। उस समय ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया था।
यह भी पढ़ें: खाने में नींद की गोली, फिर 2 करोड़ की चोरी! नौकरानी ने रची साजिश
शराब पीने की आदत समेत सभी पहलुओं की जांच
घटना की सूचना मिलने पर सीओ शाहाबाद संतोष कुमार सिंह और पाली थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को कब्जे में लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य और नमूने जुटाए। सीओ शाहाबाद संतोष सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पूछताछ में यह जानकारी भी सामने आई है कि लालपूत शराब पीने का आदी था। पुलिस इस आशंका की भी पड़ताल कर रही है कि घटना के दिन शराब के नशे में विवाद बढ़ा था या नहीं। फिलहाल परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।