उत्तर प्रदेश के बिजनौर में सिस्टम की अनदेखी से परेशान होकर एक महिला टीचर के पानी की टंकी पर चढ़ने से पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामला मंडावर रोड स्थित हमीदपुर गांव का है। वहां रहने वाली मीनाक्षी पिछले दो साल से अपने घर के सामने सड़क और नाली न बनने की वजह से भारी परेशानी झेल रही हैं। महिला ने वीडियो बनाकर दावा किया है कि उसे गांव के प्रधान बहुत परेशान कर रहे हैं। अब इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
मीनाक्षी का कहना है कि रास्ते पर नाली न होने से घरों का गंदा पानी और बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है, जिससे हर वक्त कीचड़ बना रहता है। कई बार शिकायत करने के बाद भी जब कोई समाधान नहीं निकला तो वह गांव की सरकारी पानी की टंकी पर चढ़ गईं। वहां से वीडियो बनाकर कहा कि जब तक विधायक और अधिकारी मौके पर आकर काम शुरू करने का पक्का भरोसा नहीं देंगे, वह नीचे नहीं उतरेंगी।
यह भी पढ़ें: जयपुर में गैंगवार, SUV से भाग रहे हिस्ट्रीशीटर को कुल्हाड़ी से काटा, दर्दनाक मौत
ग्राम प्रधान पर भेदभाव करने का आरोप
निजी स्कूल में पढ़ाने वाली मीनाक्षी ने ग्राम प्रधान पर सीधा भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रधान ने अपने घर के सामने की सड़क बनवाकर उसे ऊंचा भी करवा दिया लेकिन चुनावी दुश्मनी के चलते उनके घर के सामने का रास्ता अधूरा छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि कीचड़ और जलभराव के कारण घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।
महिला ने बताया कि इस रास्ते से गुजरने वाले स्कूली बच्चे अक्सर कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं। यहां कई बार ई-रिक्शा भी पलट चुका है। मीनाक्षी के मुताबिक, उन्होंने प्रधान, उनके बेटे और पुलिस थाने तक में कई बार गुहार लगाई लेकिन समस्या सुलझने के बजाय उन्हें गालियां दी गईं और परेशान किया गया।
'ये मेरा आखिरी वीडियो है'
लगातार मिल रही निराशा के बाद मीनाक्षी पानी की टंकी पर चढ़ गईं और ऊपर से ग्रामीणों को आवाज लगाते हुए अपना वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि थाने-चौकी के चक्कर काटने के बाद भी जब किसी ने उनकी नहीं सुनी तो उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्हें कुछ भी होता है तो इसके जिम्मेदार हमीदपुर गांव के लोग होंगे। मीनाक्षी ने अड़ते हुए मांग की कि सदर विधायक सूची मौसम चौधरी और बड़े प्रशासनिक अधिकारी खुद मौके पर आएं। साथ ही केवल जुबानी आश्वासन देने के बजाय सड़क और नाली बनवाने की ठोस गारंटी दें।
पुलिस के समझाने पर भी नहीं माना
महिला के टंकी पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही SHO अवनीत मान पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस टीम ने मीनाक्षी को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए काफी समझाया। मौके पर मौजूद उनके पति अरविंद और बच्चों ने भी उन्हें मनाने की पूरी कोशिश की लेकिन मीनाक्षी अपनी मांग पर डटी रहीं। बिना ठोस आश्वासन के नीचे उतरने से साफ इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें: दरभंगा चांदी लूटकांड में BJP नेताओं के नाम का दावा, विपक्ष ने खोला मोर्चा
विवाद पर ग्राम प्रधान पक्ष की सफाई
दूसरी तरफ, इस पूरे विवाद पर ग्राम प्रधान पक्ष ने मीनाक्षी के आरोपों को गलत बताते हुए अपना पक्ष रखा है। प्रधान का कहना है कि सड़क निर्माण में देरी की असली वजह खुद महिला का परिवार है। उनका आरोप है कि महिला के परिवार ने रास्ते के बीचों-बीच शौचालय के गड्ढे बना रखे हैं। वे अपने घर के सामने सड़क की चौड़ाई कम रखना चाहते हैं। इसी अड़चन और आपसी विवाद के कारण वहां सड़क और नाली का काम रुका हुआ है।