बिहार के रोहतास जिले के कोचस से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े करोड़ों की लूट की घटना को अंजाम दिया है। कोचस बाजार स्थित न्यू कंचन ज्वेलर्स में हथियार के बल पर चार बदमाशों ने करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है। व्यवसायियों में भारी आक्रोश है।
दुकान में घुसते ही कर्मचारियों को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार दो बाइक पर सवार होकर आए करीब चार बदमाश दोपहर के समय न्यू कंचन ज्वेलर्स दुकान में घुसे। बदमाशों ने आते ही दुकान के कर्मचारियों और मालिक को पिस्टल दिखाकर बंधक बना लिया। इसके बाद काउंटर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली।
यह भी पढ़ें: कपड़े फाड़े... चोट पहुंचाई; ट्रंप पर पूर्व मिस स्विट्जरलैंड ने लगाया रेप का आरोप
बताया जा रहा है कि बदमाश करीब 2 से 3 करोड़ रुपये के जेवरात और नकदी लूटकर ले गए हैं। लूट की पूरी वारदात महज 5 से 7 मिनट में हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश बाइक पर सवार होकर तेजी से फरार हो गए। दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
घटनास्थल पहुंचे एसपी राज
लूट की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद रोहतास जिले के एसपी मिस्टर राज खुद घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। एसपी ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और दुकानदार से पूरी घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जिले की नाकेबंदी कर दी गई है। सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया है। फरार बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: अंकित बालियान के लिए करवाचौथ रखेंगी पत्नी सीमा, अब तक फरार हैं हत्यारे
बाजार बंद कर व्यापारियों ने जताया आक्रोश
वहीं दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना को लेकर कोचस के व्यवसायी वर्ग में काफी आक्रोश है। व्यवसायियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की। व्यवसायियों का कहना है कि कोचस बाजार में लगातार लूट और चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर रही है। अगर जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।