logo

ट्रेंडिंग:

'मरकर अमर है मेरा प्यार', प्रेमी की लाश से शादी रचाने वाली लड़की की आपबीती

महाराष्ट्र में एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी की लाश से शादी कर ली है। प्रेमिका ने बताया कि उसके घर वालों ने उसके प्रेमी की हत्या कर दी। लड़की के पिता और भाई ने अपना जुर्म कबुल कर लिया है।

love story of aanchal and saksham

आंचल और सक्षम, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

प्यार, विरोध, मौत और फिर लाश से शादी। यह कोई फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं बल्कि किसी की जिंदगी की कहानी है। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया है। एक लड़की के पिता और भाईयों ने उसके प्रेमी की हत्या कर दी लेकिन लड़की ने अपने प्रेमी की लाश से ही शादी कर ली और आजीवन उसके घर में रहने की कसम खाई। पुलिस ने इस मामले में सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि लड़की के पिता और भाई ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने बताया कि लड़की के परिवार से साजिश के तहत सक्षम की हत्या की है और इसमें जांच जारी है। 

 

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले की रहने वाली आंचल अपने प्रेमी सक्षम तांते से शादी करना चाहती थी। यह लव स्टोरी आंचल के घर से ही शुरू हुई थी। सक्षम आंचल के भाई का दोस्त था। वह अक्सर उनके घर आता रहता था। आंचल और सक्षम दोनों प्यार में पड़ गए। करीब तीन साल तक अफेयर चला और उसके बाद शादी की बात आई लेकिन आंचल के घर वालों ने उस पर दबाव बनाया। सक्षम दूसरी जाति का था और आंचल के घर वालों को यह शादी मंजूर नहीं थी। 

 

यह भी पढ़ें-- मामूली से विवाद पर गर्लफ्रेंड की कर दी हत्या, फिर खुद कर ली आत्महत्या

भाई और पिता ने प्रेमी की हत्या की

परिवार के विरोध के बावजूद आंचल ने सक्षम से रिश्ता नहीं तोड़ा और उन दोनों ने शादी करने का फैसला किया। उनके इस फैसले की जानकारी आंचल के घर वालों को भी लग गई। आंचल के परिवार वालों ने सक्षम को धमकाया लेकिन वह भी आंचल से शादी करने पर अड़ा रहा। सक्षम के परिवार के अनुसार, आंचल की मां जयश्री उनके घर पर आई थीं और परिवार को धमकी दी थी। इसके कुछ ही देर बाद आंचल के भाई और पिता ने सक्षम को जमकर पीटा। उन्होंने सक्षम के सिर पर गोली मारी और सिर पत्थर से कुचल दिया।

 

 

आंचल ने बताया कि उसके परिवार वालों ने सक्षम को अपने जाल में फंसाया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आंचल के पिता गजानन मामीडवार, भाई साहिल और हिमेश ने सक्षम को गोली मारी और फिर उस पर कई वार करके उसकी हत्या कर दी। सक्षम की मां की शिकायत पर पुलिस ने आंचल के पिता और भाईयों समेत कुल छह लोगों पर FIR दर्ज कर ली है और सभी को गिरफ्तार कर लिया है। 

 

लाश से रचाई शादी

 

सक्षम का परिवार जब उसके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था तो आंचल अचानक वहां पहुंच गई। उसने सक्षम के शरीर पर हल्दी लगाई और अपने माथे पर सिंदूर लगाते हुए अपने प्रेमी की लाश से शादी रचा ली। आंचल ने बताया कि उसने यह फैसला इसलिए लिया है ताकि वह अब सक्षम के घर पर ही उसकी पत्नी की तरह रह सके। आंचल ने बताया, 'मैं और सक्षम पिछले तीन सालों से एक दूसरे से प्यार करते थे। मेरे परिवार को यह मंजूर नहीं था। इसलिए उन्होंने उसकी इस तरह हत्या कर दी। मेरे पिता कहते थे कि तुम किसी और से भी बात कर सकती हो, मैं तुम्हारी शादी करवा दूंगा लेकिन सक्षम से बात करना बंद कर दो।'

 

यह भी पढ़ें: दोस्तों के अकाउंट से ब्लैक मनी को कर रहे थे व्हाइट, इंजीनियर कॉलेज से 7 अरेस्ट

आंचल ने आगे कहा, 'मेरे पिता और भाई ने मेरे सक्षम को मार डाला। हालांकि, वे उसे मारकर भी हार गए और सक्षम मरकर भी जीत गया। हमारा प्यार अभी भी जिंदा है। सक्षम नहीं रहा लेकिन मैं अब भी उससे प्यार करती हूं। मैं उसके घर में रहूंगी।' पुलिस ने बताया कि आंचल के भाई और पिता ने सक्षम की हत्या की बात मान ली है और पुलिस आगे अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है। 

 

आरोपियों ने कबूल किया जुर्म

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी हत्या को अंजाम देने के बाद अपने रिश्तेदारों के पास रहने चले गए थे। इसके बाद पुलिस ने सिर्फ 12 घंटे के अंदर ही सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के मुताबिक, गजानन मामीडवार और साहिल मामीडवार ने मिलीभगत और साजिश के तहत अपराध करने की बात कबूल कर ली है। नांदेड़ के पलिस उपाधीक्षक प्रशांत शिंदे के अनुसार, 'सक्षम की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में जांच जारी है। इस मामले में कुल छह आरोपी हैं। इनमें पीड़ित लड़की की मां जयश्री, गजानन बालाजीराव मामीडवार, साहिल मामीडवार, हिमेश मामीडवार, सोमेश सुभआष लके, वेदांत शामिल हैं। यह सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। '

Related Topic:

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap