उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रिश्तों की आड़ में बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। हरियाणा के रोहतक निवासी एक शातिर जालसाज ने करीब डेढ़ साल तक सर्राफा कारोबारी के परिवार से रिश्तेदारी बढ़ाई। खुद को कारोबारी का ‘साला’, उसकी पत्नी को ‘बहन’ और बच्चों को ‘भांजा’ कहकर परिवार का विश्वास जीता। भरोसा मजबूत होने के बाद उसने नकली सोने की चार ईंटें देकर 20 लाख रुपये नकद और करीब 33.50 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात ठग लिए। कुल 53.50 लाख रुपये की ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित सर्राफ ने चौक थाने में आरोपी और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
चौक क्षेत्र के पीर बुखारा निवासी संजीव कुमार रस्तोगी की आलमबाग में ‘स्वर्ण सिद्धि ज्वैलर्स’ नाम से दुकान है। संजीव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले रोहतक, हरियाणा निवासी अजय कुमार चौधरी उनकी दुकान पर आया था। वहीं उसकी मुलाकात संजीव की पत्नी से हुई।इसके बाद अजय ने लगातार परिवार से संपर्क बनाए रखा। वह संजीव को ‘बहनोई’, उनकी पत्नी को ‘बहन’ और बच्चों को ‘भांजा’ कहकर संबोधित करने लगा। वह अक्सर बच्चों के लिए मिठाई और उपहार लेकर घर आने-जाने लगा। धीरे-धीरे परिवार को उस पर सगे रिश्तेदार जैसा भरोसा हो गया।
फौजी रिश्तेदार की कहानी सुनाकर बनाया जाल
परिवार का विश्वास पूरी तरह हासिल करने के बाद अजय ने संजीव को एक मनगढ़ंत कहानी सुनाई। उसने बताया कि उसके एक रिश्तेदार सैन्यकर्मी की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई थी। सेवा के दौरान उन्हें सोने की चार ईंटें मिली थीं, जो फिलहाल मृतक फौजी की पत्नी के पास रखी हैं।अजय ने डर पैदा करते हुए कहा कि अगर खनन विभाग या प्रशासन को इन ईंटों के बारे में जानकारी हो गई तो उन्हें जब्त किया जा सकता है। इसी वजह से फौजी की विधवा इन्हें जल्द बेचना चाहती है। शुरुआत में संजीव की पत्नी ने अनजान धातु का सौदा करने से इनकार कर दिया लेकिन अजय ने डेढ़ साल से चले आ रहे पारिवारिक रिश्ते और भरोसे का हवाला देकर उन्हें सौदे के लिए राजी कर लिया।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में ATS का बड़ा एक्शन, अल-कायदा कनेक्शन में 19 साल का युवक गिरफ्तार
चार नकली सोने की ईंटें देकर लिए 20 लाख और जेवर
तय योजना के मुताबिक 7 सितंबर को आलमबाग स्थित दुकान पर सौदा तय हुआ। इसके बाद अजय अपने दो अज्ञात साथियों के साथ संजीव के घर पहुंचा और कथित सोने की चार ईंटें सौंप दीं। इसके बदले संजीव ने अजय को 20 लाख रुपये नकद और करीब 33.50 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात दे दिए। रकम और जेवर हाथ लगते ही आरोपी ने संजीव को बातचीत में उलझाया और चाय पिलाने के बहाने ऐतिहासिक रूमीगेट ले गया।
इधर, संजीव ने घर पर मौजूद अपने बेटे से ईंटों की गुणवत्ता जांचने को कहा। जांच में सामने आया कि ईंटों के अंदर साधारण धातु थी और ऊपर सिर्फ सोने का हल्का पानी चढ़ा हुआ था। ठगी का पता चलते ही संजीव ने अजय को फोन किया लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। आरोपी ने जाते समय पारिवारिक रिश्ते का हवाला देते हुए दो दिन बाद लौटने की बात कही थी। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ वहां से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर में 1.20 लाख के 20 रुपये वाले नकली सिक्के बरामद, दो गिरफ्तार
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, रोहतक में तलाश तेज
ठगी का अहसास होने के बाद संजीव कुमार रस्तोगी चौक कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। चौक थाना प्रभारी नागेश उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी अजय कुमार चौधरी और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से हरियाणा के रोहतक स्थित आरोपियों के संभावित ठिकानों की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ ठगी गई नकदी और जेवरात की शत-प्रतिशत बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।