उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (UP ATS) की लखनऊ टीम ने आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से 19 साल के मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है। ATS के मुताबिक, नबील प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा से कथित तौर पर जुड़ा था और सोशल मीडिया व ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। आरोपी आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के चितारा गांव का रहने वाला है।
ATS चीफ अमिताभ यश के मुताबिक, खुफिया सूचना के बाद नबील की ऑनलाइन गतिविधियों की जांच की गई। इस दौरान सामने आया कि उसने ‘ला गालिब-इल्लल्लाह’ नाम से एक WhatsApp ग्रुप बनाया था। ATS का आरोप है कि इस ग्रुप के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित करने और उन्हें आतंकी गतिविधियों की तरफ ले जाने की कोशिश की जा रही थी। जांच एजेंसी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए ग्रुप में कई गतिविधियों के लिए कथित तौर पर कोडवर्ड इस्तेमाल किए जाते थे। जिहाद, चाकू, केमिकल, हथियार, बम और योजना जैसे शब्दों की जगह ‘पेन’, ‘जूस’, ‘ट्रिप’ और ‘प्रोजेक्ट’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का दावा है।
मोबाइल की जांच में मिले डिजिटल साक्ष्य
ATS के मुताबिक, नबील के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच में कई डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। एजेंसी का दावा है कि आरोपी ने WhatsApp ग्रुप में अलकायदा से जुड़े आतंकी अनवर उल अवलाकी की विवादित किताब ‘जिहाद करने के 44 तरीके’ और मौलाना आसिम उमर की ‘तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल’ नामक किताब की PDF कथित तौर पर शेयर की थी।ATS के अनुसार, इन सामग्रियों को ग्रुप में साझा करने के साथ सदस्यों को उन्हें पढ़ने के लिए भी कहा जाता था।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज DRM ऑफिस में CBI का छापा, 50 हजार रिश्वत लेते 2 अफसर गिरफ्तार
अंतरराष्ट्रीय चैट ग्रुप से भी जुड़ने का आरोप
जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि नबील ‘Flames of War’ जैसे अंतरराष्ट्रीय आतंकी चैट ग्रुप्स से जुड़ा था। ATS के मुताबिक, इन ऑनलाइन समूहों में बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब समेत कई देशों के संदिग्ध सदस्य और जम्मू-कश्मीर के कुछ युवा भी जुड़े हुए थे।
पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने की तैयारी?
पूछताछ के दौरान ATS को कथित तौर पर जानकारी मिली कि नबील विदेश जाकर आतंकी प्रशिक्षण और आधुनिक हथियारों से जुड़ी ट्रेनिंग हासिल करने की योजना बना रहा था। एजेंसी के मुताबिक, वह पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने और वहां प्रशिक्षण लेने की योजना पर काम कर रहा था। इसके लिए धन जुटाने की तैयारी किए जाने का भी दावा है।
ATS का कहना है कि आरोपी के मोबाइल से विस्फोटक तैयार करने और बम बनाने की विधियों से संबंधित चैट मिली हैं। इसके अलावा विस्फोटक सामग्री के लिए पोटैशियम नाइट्रेट जुटाने से संबंधित बातचीत सामने आने का भी दावा किया गया है।
यह भी पढ़ें: छात्रा से छेड़खानी में सिपाही पर केस, सस्पेंड, हंगामे के बाद बाइक छोड़ फरार
लखनऊ में मुकदमा, पूरे नेटवर्क की जांच
UP ATS ने लखनऊ स्थित विशेष थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर नबील को गिरफ्तार किया है। अब आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी है।ATS आरोपी से पूछताछ के जरिए उसके ऑनलाइन संपर्कों, कथित आतंकी नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। एजेंसी की जांच में सामने आए आरोपों की न्यायिक प्रक्रिया में पुष्टि होना अभी बाकी है।