उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शादी की जिद में एक सिरफिरे ने ऐसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। युवती के शादी से इनकार करने से नाराज युवक तड़के करीब चार बजे उसके घर में घुस गया और उस पर तेजाब फेंक दिया। बेटी की चीख सुनकर बचाने पहुंचे माता-पिता और छोटे भाई को भी आरोपी ने नहीं बख्शा। उसने परिवार पर तेजाब फेंकने के साथ चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में पूरा परिवार घायल हो गया। इस दौरान घायल मां ने अदम्य साहस दिखाते हुए हमलावर का मुकाबला किया। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने भी घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। हमले में आरोपी भी तेजाब से झुलस गया। पुलिस ने युवती, उसके माता-पिता, भाई और आरोपी समेत पांच लोगों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। युवती और आरोपी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना हुसैनगंज थाना क्षेत्र के उदयगंज स्थित ओल्ड आइस फैक्ट्री इलाके की है। रविवार 29 नवंबर की सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच आरोपी तौसीफ शाह उर्फ मुन्ना युवती के घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह घर की बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर दाखिल हुआ और सीधे युवती के कमरे की तरफ पहुंच गया। इसके बाद उसने युवती पर तेजाब फेंक दिया।
तेजाब पड़ते ही युवती दर्द से चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर परिवार के लोग उसे बचाने के लिए दौड़े। लेकिन आरोपी पहले से ही तेजाब और चाकू लेकर आया था। उसने युवती के माता-पिता और छोटे भाई को भी निशाना बनाया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई।
बेटी को बचाने पहुंचे पिता और मां पर चाकू से हमला
युवती की चीख सुनकर उसके पिता शाहनवाज और मां असमा बानो बचाने के लिए आगे आए। आरोप है कि आरोपी ने उन पर भी तेजाब फेंका और चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान युवती का छोटा भाई भी घायल हो गया।इस हमले में युवती के पिता और मां को गंभीर चोटें आईं। परिवार के लोगों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार हमला करता रहा। इसके बाद घर में मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी बाहर निकल आए।
यह भी पढ़ें: ट्रक बना आग का गोला, ड्राइवर-क्लीनर जिंदा जले; दो घंटे बाद मिले कंकाल
खून से लथपथ मां ने नहीं मानी हार
इस पूरी वारदात में युवती की मां का साहस सबसे ज्यादा चर्चा में है। खुद घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावर का मुकाबला किया और उसे काबू करने की कोशिश की। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने भी आरोपी को घेर लिया और पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी के ऊपर भी तेजाब गिर गया, जिससे वह झुलस गया। उसके शरीर पर भी चोटें आईं।बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को भी चोट पहुंचाई। पड़ोसियों की मदद से हमलावर को काबू किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
कौन है आरोपी तौसीफ उर्फ मुन्ना
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी की पहचान तौसीफ शाह उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है। वह कंप्यूटर की दुकान पर काम करता है। आरोपी युवती का पड़ोसी होने के साथ दूर का रिश्तेदार भी बताया जा रहा है। वह युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती और उसके परिवार के लोग इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे।इसी बात को लेकर आरोपी नाराज था। शादी के प्रस्ताव को ठुकराए जाने के बाद उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच पहले से रिश्तेदारी थी और वह आसपास ही रहता था।
चाचा की तहरीर पर मुकदमा
मामले में युवती के चाचा मोहम्मद लईक ने हुसैनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वह युवती के पिता शाहनवाज के भाई हैं। पुलिस ने आरोपी तौसीफ उर्फ मुन्ना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 124(1) और 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। धारा 124(1) तेजाब से हमला कर चोट पहुंचाने और धारा 109(1) हत्या के प्रयास से संबंधित है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। रविवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस टीम ने मौके से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाने की कार्रवाई की। आरोपी का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है और पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
यह भी पढ़ें: रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण भिड़ंत, टीचर, मां-बेटे समेत 4 की मौत
पांच लोग घायल, युवती की हालत गंभीर
इस हमले में युवती, उसके पिता शाहनवाज, मां असमा बानो, छोटा भाई और आरोपी तौसीफ उर्फ मुन्ना घायल हुए हैं। पांचों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपी भी तेजाब से झुलसने के कारण अस्पताल में उपचाराधीन है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घर में दाखिल होने से लेकर तेजाब फेंकने और चाकू से हमले तक के घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी तेजाब और चाकू लेकर घर तक कैसे पहुंचा और वारदात से पहले उसने किस तरह इसकी तैयारी की थी।शादी से इनकार करने पर एक युवती को तेजाब से झुलसाने और उसके पूरे परिवार पर हमला करने की इस घटना ने राजधानी में सनसनी फैला दी है। एक तरफ जहां युवती जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है, वहीं दूसरी तरफ घायल होने के बावजूद मां की हिम्मत और हमलावर का मुकाबला करने की कोशिश ने इस खौफनाक वारदात में साहस की एक अलग मिसाल पेश की है।