पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल के बाद अब कई बदलाव देखे जा रहे हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की विदाई के बाद अब घन्नौर के पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर का पार्टी में वापस आना इसी बदलाव की एक अहम कड़ी है। 23 नवंबर 2026 को नए प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने जलालपुर का निलंबन रद्द कर उनकी कांग्रेस में वापसी का रास्ता साफ कर दिया। इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस के भीतर नाराज नेताओं को दोबारा साथ लाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
दरअसल, पंजाब कांग्रेस में राजा वड़िंग के नेतृत्व को लेकर लंबे समय से आवाज उठ रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खेमे के नेताओं का मानना था कि वड़िंग के नेतृत्व में पार्टी का जनाधार कमजोर हुआ। मदन लाल जलालपुर ने भी खुलकर इस नेतृत्व पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल की भूमिका पर भी नाराजगी जताई थी। उनका आरोप था कि केंद्रीय नेतृत्व पंजाब के कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझने के बजाय प्रदेश नेतृत्व के फैसलों का समर्थन कर रहा है।
यह भी पढ़ें: रात में नहीं दिन में सड़क बनाएगी नोएडा अथॉरिटी, सेक्टर 63A का मामला क्या है?
पार्टी से किए थे बाहर
जुलाई 2026 में कांग्रेस ने राजा वडिंग को अध्यक्ष पद पर बनाए रखने का फैसला किया और जलालपुर ने उसके खिलाफ खुलकर बोला। इसके बाद उनको पार्टी नेतृत्व के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी को लेकर कारण बताओ नोटिस दिया गया। उनका जवाब संतोषजनक नहीं मानते हुए कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया। इसके बाद चन्नी खेमे के नेताओं ने उनसे मुलाकात की। विवाद उस समय और बढ़ गया, जब पटियाला में कांग्रेस के 'हर बूथ मजबूत' कार्यक्रम के दौरान जलालपुर समर्थकों और राजा वड़िंग के बीच तीखी बहस हुई। इस घटनाक्रम ने पार्टी की अंदरूनी लड़ाई को सार्वजनिक कर दिया।
चन्नी बने अहम किरदार
इस पूरे विवाद में चरणजीत सिंह चन्नी की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रही है। जलालपुर के निलंबन के बाद चन्नी सीधे उनके घर पहुंचे और उनके समर्थन में खड़े हुए। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं को बाहर करने के बजाय उनकी बात सुननी चाहिए। उनके साथ सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु और दूसरे असंतुष्ट नेता भी नजर आए। इस तरह जलालपुर केवल एक पूर्व विधायक नहीं रहे, बल्कि राजा वड़िंग के नेतृत्व से नाराज कांग्रेस नेताओं के लिए एकजुट होने का केंद्र बन गए। इससे पार्टी के भीतर दो गुटों को सामने रख दिया और जलालपुर इसका अहम चेहरा बन गए।
कैसे हुए वापसी?
कांग्रेस हाईकमान ने संगठनात्मक फीडबैक और वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत के बाद वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने का फैसला किया। उनकी जगह परगट सिंह को जिम्मेदारी मिली। इसके बाद जलालपुर का निलंबन रद्द होना एक बड़ा राजनीतिक संदेश है। यह संकेत देता है कि पार्टी अब केवल अनुशासन के नाम पर कार्रवाई करने के बजाय नाराज नेताओं को वापस जोड़ने और पुराने मतभेद खत्म करने की दिशा में बढ़ना चाहती है। परगट सिंह दोनों खेमों के नेताओं को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: क्या अब सुलझ गया रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री के बीच विवाद? पढ़ें पूरा घटनाक्रम
जलालपुर इतने अहम क्यों हैं?
इसकी पहली वजह उनका घन्नौर और पटियाला क्षेत्र में राजनीतिक आधार है। वह पूर्व विधायक हैं और इलाके में उनका अपना संगठनात्मक प्रभाव तथा समर्थकों का नेटवर्क है। दूसरी वजह उनका चन्नी खेमे से जुड़ाव है। उनकी वापसी से चन्नी समर्थक नेताओं को यह भरोसा मिल सकता है कि नए नेतृत्व में उनकी बात सुनी जाएगी और उनके खेमे के नेता इसे अपनी जीत के तौर पर भी पेश कर रहे हैं।
तीसरी और सबसे बड़ी वजह 2027 का विधानसभा चुनाव है। कांग्रेस के सामने आम आदमी पार्टी और दूसरे राजनीतिक दलों को चुनौती देने के लिए एकजुट संगठन खड़ा करने की जरूरत है। ऐसे में पुराने नेताओं की नाराजगी दूर करना और क्षेत्रीय स्तर पर मजबूत चेहरों को साथ लाना पार्टी की चुनावी रणनीति का हिस्सा है। इस रणनीति पर परगट सिंह खुद काम कर रहे हैं और तमाम नाराज नेताओं को साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं।