महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल (SUV) के खाई में गिर जाने से आठ लोगों की मौत हो गई। रायगढ़ पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि यह हादसा पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग पर अंबेनली घाट इलाके में रविवार को हुआ।
पुलिस ने बताया है कि जो लोग हादसे में मारे गए हैं, वे सातारा से थे। यात्री, दापोली से सातारा की ओर आगे बढ़ रहे थे, तभी गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: बाइक की मामूली टक्कर के बाद पिता-पुत्रों को चाकू से गोदा; 2 की मौत, 1 घायल
हादसा कैसे हुआ?
अंबेनली घाट, तीखे मोड़ के लिए जाना जाता है। करीब 40 किलोमीटर लंबी सड़क में जिसमें कई तेज मोड़ हैं। अंधेरे और गहरी खाई के की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में भी दिक्कतें आईं। पुलिस दूसरी वजहों की तलाश में भी जुटी है।
मरने वाले लोग कौन हैं?
सभी मृतक सातारा के कोरेगांव तालुका के आसगांव गांव के रहने वाले थे। मृतकों के नाम अब सार्वजनिक हुए हैं। मरने वाले लोगों में महेश अनिल पवार, आदित्य अशोक, रितेश राजेंद्र लोखंडे, सुहास जितेंद्र लोखंडे, अंश समीर चव्हाण, उत्कर्ष आनंद शिंगटे, अनिल अभिमन्यू शिंगटे और नितीन किसन नायकोंडे शामिल हैं। मृतकों की उम्र 18 से 35 साल के बीच की है।
यह भी पढ़ें: छत ढलाई के दौरान 20 वर्षीय मजदूर की मौत, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक
कैसे हादसे के बारे में पता चला?
हादसा दाबेली गांव के पास हुआ है। लोगों ने तेज आवाज सुनी तो दौड़कर मौके पर आए। स्थानीय लोगों ने पोलादपुर पुलिस स्टेशन में फोन किया, मौके पर प्रशासन के अधिकारी और पुलिस के जवान पहुंचे। स्थानीय लोगों और आपदा मित्रों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। कई यात्री मौके पर ही दम तोड़ चुके थे।