उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार देर रात एक मामूली बाइक टक्कर ने हिंसक रूप ले लिया। नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर बाईपास पर वृंदावन गेस्ट हाउस के पास हुए इस हादसे में सड़क विवाद ने एक पिता और उसके बेटे की जान ले ली, जबकि एक अन्य बेटा गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, तीन युवक अपाचे बाइक पर सवार थे और उनकी दूसरी बाइक से हल्की टक्कर हो गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े और फिर चाकूबाजी में बदल गई।
चश्मदीदों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पिता और उसके दो बेटों पर हेलमेट, लात-घूंसे से हमला किया। इसके बाद बीच सड़क पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
यह भी पढ़ें: छत ढलाई के दौरान 20 वर्षीय मजदूर की मौत, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक
घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी बदसलूकी की। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में दो की मौत, एक की हालत नाजुक
पुलिस ने घायलों को तुरंत हैलेट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता और एक बेटे को मृत घोषित कर दिया। तीसरे बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। मृतकों में शिवम नामक युवक की पहचान कोयला नगर, चकेरी निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार किदवई नगर स्थित एक मार्बल दुकान में काम करता था और काम से लौट रहा था।
यह भी पढ़ें: लुधियाना में 3 दिनों की घोषित बस हड़ताल खत्म, किस बात से नाराज थे संविदाकर्मी?
पुलिस आयुक्त के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है। एक आरोपी ब्लिंकिट में काम करता है, जबकि दो अन्य बेरोजगार बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
कानपुर पुलिस कमिश्नर का बयान
कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा, 'यह एक रोड रेज की घटना है, जिसमें दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हुई थी। शिव नारायण त्रिवेदी, सत्यन त्रिवेदी और शिवम त्रिवेदी एक बाइक पर जा रहे थे। उनकी बाइक की टक्कर दूसरी बाइक से हो गई, जिस पर शिवा वर्मा, उत्सव अवस्थी और करण वर्मा सवार थे। इनमें से शिवा वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उत्सव अवस्थी की उम्र 19 साल है और करण वर्मा लगभग 24 साल के हैं। ये दोनों फिलहाल फरार हैं। शिवा वर्मा से पूछताछ की जा रही है।'
यह भी पढ़ें: बैंक से 8.7 करोड़ ले उड़ा कर्मचारी, खूब बनाई प्रॉपर्टी, एक चूक ने पहुंचाया जेल
उन्होंने आगे कहा, 'घटना के दौरान चाकू का भी इस्तेमाल हुआ, जिससे कई लोग घायल हो गए। इस घटना में शिवम त्रिवेदी और शिव नारायण त्रिवेदी की मौत हो गई है। हमारी टीम अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में झगड़ा भी हुआ था। फरार आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'