महाराष्ट्र के बीड जिले में एक युवक की आत्महत्या का मामला चर्चा में है। आरोप है कि सार्वजनिक रूप से एक महिला ने उसे थप्पड़ मारा था। पब्लिक में थप्पड़ खाने के बाद युवक गहरे सदमे में चला गया और दो दिन बाद उसने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना परली वैजनाथ तहसील के मोहा गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान चंद्रहार राजेभाऊ शिंदे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 13 मई को किसी विवाद के दौरान एक महिला ने गांव के लोगों के सामने उसे थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस दफ्तर से 73 नल चोरी, जाते-जाते फर्श पर लिख गए 'आई लव यू'
पिता को किया था आखिरी फोन
पुलिस के मुताबिक, 15 मई को चंद्रहार का शव करेवाड़ी गांव के बाहरी इलाके मुंगल्याचामला क्षेत्र में फांसी के फंदे से लटका मिला। आत्महत्या करने से पहले उसने अपने पिता को फोन किया था। उसने पिता से कहा था कि यह उसकी आखिरी कॉल है। इसके बाद परिवार के लोग चिंतित हो गए लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस बात को लेकर चर्चा कर रहे हैं कि सार्वजनिक अपमान और मानसिक तनाव ने युवक को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।
यह भी पढ़ें: यूपी में हफ्ते में 2 दिन वर्क फ्रॉम होम, अलग-अलग शिफ्ट में खुलेंगे ऑफिस
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सिरसाला पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि युवक सार्वजनिक रूप से हुई घटना के बाद काफी परेशान था। मामले में संबंधित महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
सिरसाला पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, 'थप्पड़ मारने की घटना के बाद वह मानसिक रूप से काफी टूट गया था। आत्महत्या करने से पहले शिंदे ने अपने पिता को फोन कर कहा कि यह उसका आखिरी कॉल है। जिस महिला ने उसे थप्पड़ मारा था, उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरी घटना आखिर कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। सरेआम थप्पड़ मारने की घटना के गवाहों और उसके परिवार वालों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।'