पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की आंच अब महाराष्ट्र तक भी पहुंच गई है। पेपर लीक के आरोपों के बाद महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती रद्द करने का फैसला लिया है। यह परीक्षा इसी साल 22 मार्च को आयोजित की गई थी और तब से ही तमाम परीक्षार्थी आरोप लगा रहे थे कि गड़बड़ी हुई है। आयोग ने अपनी शुरुआती जांच के बाद भर्ती प्रक्रिया को ही रद्द करने का फैसला लिया है।
MPSC की ओर से जारी बयान के मुताबिक, फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट में ग्रुप-बी के ड्रग इंस्पेक्टर पद पर भर्ती करने के लिए जो भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी उसे रद्द कर दिया गया है। आयोग के मुताबिक, 22 मार्च को हुई परीक्षा को लेकर लगे गड़बड़ी के आरोपों की शुरुआती जांच के बाद यह फैसला लिया गया है। आयोग ने बताया है कि उसे ईमेल के जरिए कई अभ्यर्थियों ने शिकायत दी थी कि इस भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी हुई है।
यह भी पढ़ें: पेपर लीक के खिलाफ बिल लोकसभा में पास, कितनी कड़ी सजा का प्रावधान
इन शिकायतों में आयोग को बताया गया है कि 22 मार्च को हुई इस परीक्षा से पहले ही यानी 20 मार्च को पेपर लीक हो गया था। कई अभ्यर्थियों को पेपर में आए कुछ सवाल या पूरा पेपर पहले ही मिल गया था। इतना ही नहीं, यह पेपर सोशल मीडिया पर भी शेयर करने की बात सामने आई है।
ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती में क्या-क्या हुआ?
MPSC ने 29 जुलाई 2025 को विज्ञापन संख्या 116/2024 के जरिए यह भर्ती निकाली थी। राज्य के 6 डिवीजनल सेंटर्स पर 22 मार्च 2026 को यह परीक्षा हुई थी। 12 जून को नतीजे आए। इस स्क्रीनिंग एग्जाम में 504 उम्मीदवार चुने गए। 1 जुलाई से 22 जुलाई के बीच कल 488 उम्मीदवारों का इंटरव्यू हुआ। जो प्रोविजनल मेरिट जारी हुई उसमें से 485 अभ्यर्थी योग्य पाए गए और सिर्फ 3 अभ्यर्थी अयोग्य ठहराए गए।
यह भी पढ़ें: 'आप होते कौन हैं?' स्कूल में हिजाब पर आए हाई कोर्ट के फैसले पर भड़के ओवैसी
अब आयोग का कहना है कि 22 जुलाई से 26 जुलाई के बीच उसे ऐसी कई शिकायतें मिलीं जिनमें कहा गया कि कई अभ्यर्थियों को यह पेपर 20 मार्च को ही मिल गया था। आयोग ने 27 जुलाई 2026 को मुंबई पुलिस के कमिश्नर से इसकी शिकायत की थी और जांच की मांग की थी। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, एक अभ्यर्थी को यह पेपर पहले से मिल गया था। यही वजह है कि इस भर्ती परीक्षा को ही रद्द किया जा रहा है। आयोग का कहना है कि परीक्षा दोबारा कराई जाएगी और पहले से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को ना तो आवेदन करना होगा और ना ही उनको फिर से पैसे देने होंगे।