महाराष्ट्र के पुणे से अंधविश्वास और शोषण का एक घिनौना मामला सामने आया है। यहां खुद को भगवान का अवतार बताने वाले एक बाबा को उसके सात साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि बाबा ने एक महिला का वर्षों तक यौन, मानसिक और शारीरिक शोषण किया। उसने महिला को परिवार से दूर किया, पति से तलाक दिलवाया और अपने वश में करके उससे कई अमानवीय काम करवाए। हद तो तब हो गई जब इस पाखंडी ने महिला को अपना मूत्र (पेशाब) पीने तक के लिए मजबूर किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राधेश्याम मिश्रा उर्फ राधामोहन मिश्रा के रूप में हुई है। वह पुणे के वाघोली इलाके के उबाले नगर में 'मॉडर्न गुरुकुल' नाम से एक आश्रम चलाता था। जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से लोगों को झूठे दावों और चमत्कारों के जरिए अपने जाल में फंसाकर उनका शोषण कर रहा था।
यह भी पढ़ें: पति संग मसूरी घूमने आई सॉफ्टवेयर इंजीनियर मिली मृत, नाक-मुंह से बह रहा था खून
बाबा ने पति से दिलवाया तलाक
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला वर्ष 2010 के आसपास बाबा के संपर्क में आई थी। धीरे-धीरे बाबा ने उसे उसके परिवार और दोस्तों से दूर कर दिया। इतना ही नहीं, उस पर पति से तलाक लेने का दबाव भी बनाया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2010 से 2016 के बीच महिला के साथ यौन शोषण किया गया और उसे कई बार प्रताड़ित किया गया।
आरोप है कि बाबा ने महिला के अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। वह अपने झूठे चमत्कारों और अलौकिक शक्तियों का डर दिखाकर महिला और उसके परिवार को धमकाता था। पुलिस का कहना है कि इस दौरान महिला को बिजली के झटके भी दिए गए और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, उससे चोरी तक करवाई गई ताकि आश्रम और बाबा को आर्थिक फायदा मिल सके।
यह भी पढ़ें: IAF अधिकारी की पत्नी से रेप और जबरन धर्म परिवर्तन का आरोपी मौलवी हुआ गिरफ्तार
आश्रम से नकदी, गहने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
पुलिस ने आश्रम पर छापा मारकर एक भूमिगत कमरे से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। यहां से 12 लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन, 19 हार्ड ड्राइव, कई पेन ड्राइव और कैसेट जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 6.5 लाख रुपये नकद, करीब 15 लाख रुपये के गहने और बड़ी मात्रा में दवाइयां भी मिली हैं। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं। फिलहाल बाबा और उसके सात साथियों को अदालत के आदेश पर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।