महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने अपनी पत्नी को परेशान करने वाले युवक को खेत में बुलाकर उसकी पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना महाराष्ट्र के मेहकर पुलिस स्टेशन की है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय राहुल भानुदास बाजड के रूप में हुई है। राहुल का शव एक खेत में पड़ा मिला था।
मामले की जानकारी तब सामने आई जब मृतक के मामा ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके भांजे का शव खेत में पड़ा है। उन्हें एक व्यक्ति पर हत्या का शक है।
यह भी पढ़ें: मामूली बात पर हुआ था झगड़ा, मां और बहन के साथ मिलकर पड़ोसी की जान ले ली
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए सबूत
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पता चला कि युवक के सिर पर भारी पत्थर से वार किया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक की मौत की पुष्टि कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है। एविडेंस जुटाने के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है। संदिग्ध व्यक्ति की तलाश जारी है।
पत्नी को परेशान करता था राहुल भानुदास
मृतक के परिजनों ने जिस व्यक्ति पर शक था, पुलिस ने उसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई है। पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति महाराष्ट्र के वाशिम जिले के खेत में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली है। आरोपी की पहचान 38 वर्षीय ओम शामराव केनवडकर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि मृतक राहुल भानुदास उसकी पत्नी को कई दिनों से परेशान कर रहा था। उसने कई बार राहुल को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना।
यह भी पढ़ें: 'आ जाओ लाश पड़ी है...', बीवी को कुल्हाड़ी से काट डाला, फिर खुद बुलाई पुलिस
खेत में बुलाकर पत्थर से की हत्या
आरोपी के मुताबिक 3 मार्च को उसने राहुल भानुदास को महाराष्ट्र के मेहकर शहर से कुछ दूरी पर मिलने के लिए बुलाया था। जब राहुल भानुदास वहां पहुंचा तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर पत्थर से राहुल भानुदास के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने जांच के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया है। मेहकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।