दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार को एक अवैध बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) में भीषण आग लग गई थी, जिसमें 21 लोगों की जान चली गई। अब इस हादसे के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि इस B&B का मालिक लवकेश बजाज पहले भी फर्जी दस्तावेज और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस के अनुसार, बजाज पर आरोप है कि उसने बांग्लादेश की एक महिला, उसकी बेटी और नाबालिग पोते को अपने दिल्ली स्थित पते का उपयोग कर भारतीय पहचान दस्तावेज जैसे आधार कार्ड और पासपोर्ट बनवाने में मदद की थी। इस मामले में पहले ही उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था और जांच के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था।
यह भी पढ़ें: मुश्किल में फैजल खान, पटना में FIR दर्ज; गिरफ्तारी की तलवार लटकी
किस मामले में जेल गया था बजाज?
पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, वर्ष 2025 में बजाज के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में पाया गया कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में रह रहे थे और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पहचान पत्र हासिल कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि इनमें से एक महिला ने बजाज के पते का इस्तेमाल कर भारतीय पासपोर्ट तक प्राप्त कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बजाज समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
यह भी पढ़ें: 'निशांत ही भविष्य हैं...', श्रवण कुमार के एक बयान ने JDU में मचाई खलबली
अवैध तरीके से चल रहा था B&B और रेस्टोरेंट
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जिस B&B में आग लगी वह बिना वैध अनुमति के संचालित किया जा रहा था। वहां रेस्टोरेंट चलाने का लाइसेंस नहीं था, केवल 'टी और स्नैक्स आउटलेट' का लाइसेंस था। वही भी मार्च 2025 में समाप्त हो चुका था।
यह भी पढ़ें: लालू और राबड़ी को अब नहीं मिलेगी Z+ सिक्योरिटी, तेजस्वी का Y+ कवर बरकरार
आग के बाद दोबारा गिरफ्तारी
आग की इस घटना में 21 लोगों की मौत हो गई जबकि 21 अन्य घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि आग रसोई से शुरू हुई थी। घटना के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने मालिक लवकेश बजाज को फिर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद उसने लाइसेंस रिन्यू कराने का आवेदन किया था, जिसे खारिज कर दिया गया है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।