logo

मूड

ट्रेंडिंग:

UP पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई लड़कियों के साथ रेप की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

UP के लखनऊ में यूपी सिपाही भर्ती की परीक्षा देने आई दो लड़कियों के साथ रेप की कोशिश करने वाले एक शख्स को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

news image

प्रतीकात्मक फोटो Photo credit Chatgpt

शेयर करें

google_follow_us

उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा देने आई दो युवतियों के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो चालक हसीब दोनों युवतियों को चारबाग से आलमबाग छोड़ने के बहाने सुनसान इलाके में ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। युवतियों के साहसिक विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से उसकी पहचान कर देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, दोनों युवतियां लखीमपुर खीरी जिले की रहने वाली हैं। वे उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा देने रायबरेली जाने वाली थीं और परीक्षा से पहले लखनऊ में अपने रिश्तेदार के यहां रुकी हुई थीं। रविवार देर रात करीब 3 बजे दोनों युवतियां चारबाग पहुंचीं। वहां से आलमबाग जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो किराए पर लिया। ऑटो चालक हसीब ने सड़क खराब होने और वैकल्पिक रास्ते का बहाना बनाकर उन्हें निर्धारित मार्ग से हटाकर सुनसान इलाके की ओर ले जाना शुरू कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: पति को मारा, जहां दफनाया वहीं बनाया कूड़ाघर, UP में 'दृश्यम' जैसा हत्याकांड

रामलीला मैदान के पास सुनसान क्षेत्र में वारदात का प्रयास

आरोप है कि हसीब दोनों युवतियों को रामलीला मैदान के पास झाड़ियों और सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने एक युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब दोनों युवतियों ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट भी की।संघर्ष के दौरान एक युवती ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की उंगली में दांत काट लिया। इसके बाद दोनों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। युवतियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ बढ़ने लगे। लोगों को आता देख आरोपी ऑटो छोड़कर फरार हो गया।

 

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान ऑटो चालक हसीब के रूप में की। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों को लगाया गया।

 

यह भी पढ़ें: दोस्ती, कर्ज और शर्मशार रिश्ते..., प्रयागराज हत्याकांड की कहानी क्या?

मन्नूखेड़ा नहर पटरी पर मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, देर रात मन्नूखेड़ा नहर पटरी के पास आरोपी की लोकेशन मिलने पर घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया। पुलिस कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवतियों के साहस और सूझबूझ के कारण एक बड़ी वारदात टल गई। समय रहते विरोध, शोर मचाने और आरोपी का मुकाबला करने से आसपास के लोगों का ध्यान आकर्षित हुआ और आरोपी अपना इरादा पूरा नहीं कर सका। पुलिस अब आरोपी हसीब के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Related Topic:#UP News

और पढ़ें