उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक खबर आई जहां एक शादी समारोह के दौरान घर के बाहर खेल रही 8 साली की बच्ची को गांव का ही एक युवक उठा ले गया और पास के खेत में उसके साथ हैवानियत की। घटना के बाद आरोपी मासूम को मरने की हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गया। इस वारदात का खुलासा तब हुआ जब काफी देर तक बच्ची के न दिखने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
काफी देर तक तलाशी के बाद भी जब सुराग नहीं मिला तो शादी में वीडियोग्राफी के लिए इस्तेमाल हो रहे ड्रोन कैमरे की फुटेज खंगाली गई। ड्रोन की तस्वीरों में गांव का ही एक युवक बच्ची को ले जाते हुए साफ दिखाई दिया। इसके बाद परिजन उसी दिशा में भागे, जहां बच्ची लहूलुहान और गंभीर हालत में बरामद हुई।
यह भी पढ़ें: बदायूं में रास्ता पूछने पर तीन लोगों की पिटाई, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई
CO कैंपियरगंज, अनुराग सिंह के मुताबिक, यह घटना कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है। आरोपी की पहचान अशोक निषाद के रूप में हुई है, जो उसी गांव का रहने वाला है। ड्रोन फुटेज की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है।
पीड़ित बच्ची की हालत नाजुक
पीड़ित बच्ची की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां बच्ची का इलाज चल रहा है। ऐसा बताया जा रहा है कि बच्ची की जान बचाने के लिए डॉक्टर काफी मशक्कत कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'हथेली गरम, पुलिस नरम...,' SP को रिश्वत का ऑफर क्यों देने लगे अखिलेश यादव?
इस घटना के बाद से पूरे गांव में भारी आक्रोश है। लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।