logo

मूड

ट्रेंडिंग:

शादी के लिए टाइम मांग रही थी प्रेमिका, प्रेमी का दिमाग सटका, पत्थर से कुचल दिया

तमिलनाडु में एक प्रेमी और प्रेमिका के बीच शादी को लेकर शुरू हुई बहस हिंसक हो गई। प्रेमी ने प्रेमिका का गला दबाया और उसके बाद पत्थर से हमला किया।

AI Generated Image

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां शादी को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या की कोशिश की है। आरोप है कि युवक ने पहले युवती का गला दबाया और फिर उसके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ कर रही है।

 

यह पूरी घटना तिरुचिरापल्ली शहर के खजामलाई इलाके की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नवीन और युवती अमला लंबे समय से एक दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध था। युवक लगातार युवती पर शादी का दबाव बना रहा था लेकिन युवती कुछ समय चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक को शक था कि युवती शादी टाल रही है और उससे दूरी बनाना चाहती है। इसी गुस्से में उसने खौफनाक कदम उठा लिया। 

 

यह भी पढ़ें: 'मेरी जिंदगी नरक हो गई है...', मौत से पहले ट्विशा शर्मा का चैट वायरल

बहसे के बाद किया हमला

घटना उस समय हुई जब दोनों रेसकोर्स रोड स्थित वॉकिंग ट्रैक के पास मिले थे। शुरुआती बातचीत के बाद दोनों के बीच शादी को लेकर बहस शुरू हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने युवती का गला दबाना शुरू कर दिया। जब युवती जमीन पर गिर गई तो उसने पास में पड़ा भारी पत्थर उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती वहीं बेहोश होकर गिर पड़ी जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। 

खून में लथपथ मिली युवती

युवक के फरार होने के बाद युवती कुछ समय तक वहीं पड़ी रही। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने युवती को खून से लथपथ हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। 

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी युवती से जल्द शादी करना चाहता था लेकिन युवती बार बार समय मांग रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी मानसिक रूप से परेशान और गुस्से में था। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से लगातार झगड़े हो रहे थे। फिलहाल पुलिस ने बीएनएस की धारा 109 यानी हत्या के प्रयास, धारा 296 बी यानी अभद्र भाषा का इस्तेमाल और महिला उत्पीड़न अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

 

यह भी पढ़ें: 60 की उम्र में सलमान खान पड़े अकेले, फैंस ने भाईजान को दी शादी की सलाह

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस हमले का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाने लगे। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लोगों में गुस्सा देखने को मिल रहा है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। 


और पढ़ें