logo

मूड

ट्रेंडिंग:

क्या होता है सुअरमार बम? जिसे चबाने से मध्य प्रदेश में युवक की गई जान

मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को उसके परिचित ने रसगुल्ला बताकर सुअरमार बम दे दिया। उसे चबाते ही युवक की मौत हो गई।

Dindori Pig Killing Bomb

अस्पताल के बाहर खड़े परिजन ।(Photo Credit: Social Media)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के पड़रिया छांटा गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक को उसके ही परिचित ने कथित तौर पर रसगुल्ला बताकर सुअरमार बम दे दिया। युवक ने उसे मिठाई समझकर मुंह में रख लिया। जैसे ही उसने दांत से दबाया, तेज धमाका हो गया। विस्फोट में युवक का जबड़ा बुरी तरह जख्मी हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे के मुताबिक, पड़रिया छांटा गांव का रहने वाला राजेंद्र बरौतिया (35) मंगलवार शाम करीब 7 बजे परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर के आंगन में आग ताप रहा था। रात करीब 8 बजे गांव का ही रामभगत बरौतिया उसके पास पहुंचा। दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। इसी दौरान रामभगत ने कथित तौर पर सुअरमार बम को रसगुल्ला बताकर राजेंद्र को खाने के लिए दे दिया।

मुंह में रखते ही फट गया बम

राजेंद्र ने उसे मिठाई समझकर मुंह में रख लिया। जैसे ही उसने दांत से दबाया, जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट में उसका जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। परिजन घायल राजेंद्र को ऑटो से जिला अस्पताल ले गए। हालांकि, इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

 

यह भी पढ़ें: बाप की हत्या का बदला लेने के लिए हिस्ट्रीशीटर को मारा? आरोपियों ने बताई वजह

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

क्या होता है सुअरमार बम?

सुअरमार बम एक अवैध और बेहद खतरनाक देसी विस्फोटक होता है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से जंगली सूअरों और छोटे जानवरों को मारने या खेतों से दूर भगाने के लिए किया जाता है। इसे खाने की किसी चीज के अंदर छिपाकर रखा जाता है। कई बार इसे आटे की लोई या मांस के टुकड़े जैसा आकार दिया जाता है, ताकि जानवर इसे खाने की चीज समझ लें।

 

यह बम बहुत संवेदनशील होता है। इसमें फ्यूज या पलीते की जरूरत नहीं होती। हल्का दबाव पड़ने या चबाने से ही इसमें तेज धमाका हो सकता है। जमीन पर जोर से पटकने पर भी यह फट सकता है। इसलिए यह इंसानों और जानवरों, दोनों के लिए बेहद खतरनाक है।


और पढ़ें