उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में पुलिस की कार्रवाई के बाद ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। पुलिस ट्रक के टायर चोरी होने के मामले की जांच-पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक ट्रक ड्राइवर को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के बाद ड्राइवर घर लौटा और उसकी मौत हो गई। मृत ड्राइवर के परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ड्राइवर को पीटा था, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। परिवार के इन आरोपों के बाद दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया और आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
यह मामला तुलसीपुर थाने का है, जहां 21 अक्टूबर को पूछताछ के लिए ट्रक ड्राइवर रंजीत सैनी को बुलाया गया था। रंजीत की उम्र 48 साल थी। रंजीत के भाई राम केवल सैनी ने बताया कि पुलिस थाने में रंजीत के साथ मारपीट की गई थी। इसी वजह से रंजीत को तुलसीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालांकि, कुछ समय बाद रंजीत की मौत हो गई। जानकारी के लिए बता दें, इस मामले को लेकर पुलिस प्रकाश सिंह ने पुलिसकर्मी रत्नेश कुमार और देवाशीष मिश्रा को सस्पेंड कर दिया है।
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद से लेकर गुरुग्राम तक बिजली सप्लाई रही बंद, क्या बोले मंत्री अनिल विज?
रंजीत की तबीयत बिगड़ी
जब रंजीत सैनी को 21 अक्टूबर को पुलिस थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया था, तो पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें वापस भेज दिया। रंजीत के परिवार ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई थी। बाद में वह तुलसीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एक कमरे में दर्द से तड़पते हुए मिले। रंजीत के भाई राम केवल सैनी ने कहा कि इलाज के बाद परिवार उन्हें घर ले आया। हालांकि, उनकी हालत फिर बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कहा कि रंजीत सैनी थाने में अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ गए थे, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: 'अमीर होंगे तब घर आएंगे', इंस्टाग्राम रील देखकर आगरा के 3 बच्चे घर छोड़कर भागे
क्या बोली पुलिस?
इस मामले को लेकर पुलिस ने कहा कि रंजीत सैनी थाने में ही बीमार पड़ गए थे। इसके बाद उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम में सैनी के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। साथ ही, मौत का कारण दिल का दौरा बताया गया है। पुलिस के अनुसार, रंजीत सैनी के परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।