उत्तर प्रदेश के आगरा में तीन बच्चे इंस्टाग्राम रील से प्रभावित होकर घर छोड़कर चले गए। तीनों बच्चों की मंशा थी कि वे अमीर होने के बाद घर लौटेंगे। इसके बाद तीनों बच्चों ने घर से भागने की प्लानिंग बनाई और घर छोड़कर भाग गए। घर छोड़ने से पहले तीनों बच्चों ने पत्र लिखा था। जब बच्चों के परिवार को इस बात की खबर लगी, तो उन्होंने पुलिस थाने जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तहकीकात शुरू की। पुलिस ने लगभग 200 सीसीटीवी फुटेज देखे। गुमशुदगी के 24 घंटे बाद बच्चों को ढूंढकर उनके घर पहुंचाया।
यह मामला आगरा के लोहामंडी क्षेत्र का है, जहां रहने वाले तीन बच्चे 17 अक्टूबर को अपने घर से भागे थे। तीनों बच्चे एक-दूसरे के अच्छे दोस्त थे। उनके अचानक लापता होने से पूरा परिवार परेशान हो गया था। साथ ही, इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि, पुलिस ने उन्हें 24 घंटे के भीतर खोज लिया, जिससे बच्चों के परिवार ने चैन की सांस ली। जानकारी के लिए बता दें कि घर छोड़कर भागने वाले दो नाबालिग बच्चे थे और एक 20 साल का बालिग लड़का था। दोनों नाबालिग बच्चों ने परिवार के लिए पत्र छोड़ा था।
यह भी पढ़ें: दशहरा पर दिल्ली-नोएडा के कई रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले जान लें रूट
पत्र में क्या लिखा था?
दोनों नाबालिग बच्चों ने पत्र में लिखा कि वे पढ़ाई-लिखाई करके सिर्फ नौकरी कर सकते हैं। नौकरी के जरिए वे बड़े अमीर आदमी नहीं बन पाएंगे। इस वजह से बच्चों ने घर छोड़ने का फैसला लिया। पत्र में बच्चों ने लिखा था कि वे अमीर बनने के बाद ही घर लौटेंगे।
रील देखकर बनाया अमीर बनने का प्लान
तीनों बच्चों के मिलने के बाद पुलिस ने पूछताछ की कि आखिर घर छोड़ने की वजह क्या थी। बच्चों ने बताया कि वे तीनों अक्सर इंस्टाग्राम रील देखते थे। उन्हीं रील्स से प्रभावित होकर उन्होंने अमीर बनने का ख्वाब सजाया। इसके बाद बच्चों ने मिलकर घर छोड़ने की प्लानिंग की थी। बच्चों का इरादा था कि वे कम उम्र में पढ़ाई के बजाय नौकरी करेंगे और अमीर बनेंगे। इसके बाद ही घर आएंगे। इसी वजह से तीनों बच्चे घर छोड़कर भागे थे।
यह भी पढ़ें: बिहार में दरिंदों ने पति के साथ मारपीट की, पत्नी के साथ गैंगरेप कर हुए फरार
पुलिस को कहां मिले बच्चे?
पुलिस ने इस मामले में गंभीरता से जांच-पड़ताल की। पुलिस चाहती थी कि तीनों बच्चे जल्द से जल्द मिल जाएं। इस वजह से पुलिस ने लगातार तलाश की। पूरे इलाके के लगभग 200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके बाद पुलिस को बच्चे राजा मंडी के पास स्थित चामुंडा मंदिर में मिले।