उत्तर प्रदेश के मेरठ में ब्लैकमेलिंग और अवैध संबंधों के चलते एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह गांव के एक खाली खेत में महिला का शव मिला, जिसकी पहचान गुलफ्शां के रूप में हुई है। मृतका अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थी और शुक्रवार को बच्चों की किताब खरीदने के बहाने घर से निकली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की जिसमें आपसी रंजिश और ब्लैकमेलिंग की बात निकलकर सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, गुलफ्शां के पास उसके पड़ोसी सोनू की पत्नी का एक अश्लील वीडियो था। यह वीडियो गुलफ्शां के पति मोनू ने सोनू की पत्नी के नहाते समय बनाया था। इसी वीडियो के जरिए गुलफ्शां सोनू को लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। वह सोनू से रुपये मांग रही थी और पैसे न देने पर वीडियो को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दे रही थी। अपनी पत्नी की बदनामी और बार-बार की पैसों की मांग से परेशान होकर सोनू ने गुलफ्शां को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की।
यह भी पढ़ें: मुंडन की खुशियां मातम में बदली, गंगा में डूबने से दो बहनों समेत चार की मौत
खेत में बुलाकर की हत्या
शुक्रवार रात सोनू ने प्यार की कसम देकर गुलफ्शां को रमेश नाम के व्यक्ति के गेहूं के खाली खेत में बुलाया। जैसे ही वह वहां पहुंची, सोनू ने धारदार हथियार से उसके सिर, चेहरे और गर्दन पर करीब 10 वार किए। हमला इतना भयानक था कि गुलफ्शां की एक उंगली कटकर अलग हो गई और करीब 100 मीटर के इलाके में खून फैल गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने हथियार को घटनास्थल से 200 मीटर दूर फेंक दिया और अपने घर लौट गया।
दो साल पहले किया था प्रेम विवाह
जांच में सामने आया कि गुलफ्शां और मोनू ने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। यह गुलफ्शां की दूसरी और मोनू की चौथी शादी थी। मोनू दूध डेयरी का काम करता था और उसके संबंध सोनू की पत्नी के साथ भी थे। इसी वजह से मोनू ने वह वीडियो बनाया था, जिसे लेकर बाद में विवाद शुरू हुआ। शनिवार को जब ग्रामीणों ने खेत में शव देखा, तब जाकर इस पूरी घटना का खुलासा हुआ।
यह भी पढ़ें: सिलाई मशीन और नौकरी के नाम पर महिलाओं से 12 लाख की ठगी, 2 गिरफ्तार
आरोपी सोनू को पकड़ा
गुलफ्शां के पिता शाहिद की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल से 200 मीटर दूर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया। सीओ सुधीर सिंह ने बताया कि शक के आधार पर जब सोनू को पकड़कर पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सोनू ने बताया कि वह ब्लैकमेलिंग से बहुत परेशान था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।