पंजाब के संगरूर जिले में एक 50 वर्षीय शख्स की खुदकुशी पर सियासी हंगामा मच गया। मरने से पहले शख्स ने अपने गांव के सरपंच और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को जिम्मेदार ठहराया। दरअसल, सीएम भगवंत मान के गृह नगर संगरूर के दिड़बा में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का एक कार्यक्रम था। इसमें इस शख्स ने जिले में ड्रग्स की बिक्री से जुड़ा सवाल पूछा। आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने उसे प्रताड़ित किया और माफी मांगने का दबाव बनाया।
मृतक व्यक्ति की पहचान तूर बंजारा गांव निवासी गुलजार सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने कीटनाशक पी लिया था। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां से गुलजार को लुधियाना के डीएमसी रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने खुदुकुशी मामले में अभी तक पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें महिला सरपंच और उसके पति का नाम भी शामिल है।
यह भी पढ़ें: 'जैसा बाप वैसी शर्मनाक बेटी', महुआ मोइत्रा ने नोएडा की DM मेधा को यह क्यों कहा?
वीडियो में गुलजार ने क्या कहा?
जहर खाने के बाद गुलजार सिंह का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह बता रहा है, 'चीमा से सवाल किया था। एक चीमा जिम्मेदार है। एक पंचायत सरपंच भी मेरी मौत का जिम्मेदार है। मैंने चिट्टे (हेरोइन) के संबंध में सवाल किया था, क्योंकि मेरा बेटा पीता है। उसने सबकुछ बेच दिया है।'
परिजनों ने लगाया प्रताड़ित और अपमानित करने का आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार को तूरबंजारा में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की जनसभा थी। इसमें गुलजार सिंह भी पहुंचे थे। उन्होंने नशे की समस्या पर सवाल पूछे तो उन्हें वहां से हटा दिया गया। परिजनों का आरोप है कि बाद में गांव के सरंपच ने उन्हें खूब प्रताड़ित किया। पुलिस ने भी परेशान किया और माफी मांगने का दबाव बनाया।
अपमान नहीं सह सके गुलजार सिंह
गुलजार सिंह यह अपमान नहीं सक सके और सोमवार की दोपहर जहरीला पदार्थ निकल लिया। सबसे पहले उन्हें संगरूर के अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत और बिगड़ने पर उन्हें लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई।
सुखबीर बादल ने आप सरकार को घेरा
गुलजार की मौत पर विपक्षी दलों ने पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरा। अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा, 'आप सरकार से ड्रग्स को लेकर पूछे गए एक सीधे-सादे सवाल ने 50 साल के गुलजार सिंह को अस्पताल पहुंचा दिया! 'मेरा बेटा रोज चिट्टा (नशीला पदार्थ) लेता है! आम आदमी पार्टी ने इसे रोकने के लिए कुछ क्यों नहीं किया? ड्रग्स के कारोबार को रोकने में आप सब इतने बुरी तरह नाकाम क्यों रहे हैं?' दिड़बा में हरपाल चीमा के एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान पूछे गए इसी एक सवाल की वजह से पंजाब के एक आम ग्रामीण को अस्पताल जाना पड़ा!'
यह भी पढ़ें: कौन हैं 23 साल की अर्शिफा खान? फैन फॉलोइंग में अल्लू अर्जुन और करीना कपूर से आगे
गुलजार सिंह को प्रताड़ित किया गया: बीजेपी
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी गुलजार की मौत पर आप सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, 'मंत्री के जाने के बाद सत्ताधारी पार्टी से जुड़े एक स्थानीय सरपंच गुलजार सिंह के घर गए। उन्होंने गुलजार सिंह को धमकाया और डराया-धमकाया। उन पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और मंत्री से माफी मांगने को कहा। उन्हें इतनी बुरी तरह परेशान और प्रताड़ित किया गया कि हताशा में आकर गुलजार सिंह ने जहर खा लिया।'