उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दो ऐसे ट्रेन हादसे हुए हैं जिनके बारे में सुनकर हर कोई हैरान है। एक ट्रेन की चपेट में आकर अपनी जान गंवाने वाले एक शख्स को देखने गए कुछ और लोग दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए। उनमें से 4 लोगों की मौत हो गई है। इस मामले की जांच की जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जब घटना की सूचना मिली तो उन्होंने इस पर दुख जताया। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचें।
यह हादसा बुधवार को प्रयागराज में हुआ। प्रयागराज के पचदेवरा हाल्ट के पास कालका एक्सप्रेस ट्रेन से कट जाने के चलते एक शख्स की जान चली गई। इस हादसे के चलते कालका एक्सप्रेस वहीं रुक गई थी। हादसे के चलते रुकी इस ट्रेन से कई सारे लोग उतर गए थे और जान गंवाने वाले शख्स को देखने गए थे। उसी दौरान बगल की पटरी पर पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई। कई सारे लोग पटरी से भागे और बच गए। वहीं, चार लोग ऐसे थे जो पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के नीचे आए।
यह भी पढ़ें: BHU में रीढ़ की हड्डी के बजाय जांघ की सर्जरी कर दी, 71 साल की महिला की मौत
पटरी पर खड़े थे यात्री
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इन चारों लोगों की भी मौत हो गई है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन्स ऑफिसर शशिकांत त्रिपाठी ने कहा है कि ये लोग ट्रेन के जनरल कोच से उतरे थे और दूसरी पटरी पर खड़ी थी। इन हादसों के चलते हावड़ा-दिल्ली रूट पर कुछ देर तक आवागमन भी बाधित रहा। बाद में यह रूट सुचारु रूप से चालू हो गया।
यह भी पढ़ें: दो सगे भाइयों से शादी करने वाली महिला बनी मां, बेटी पैदा होने के बाद जश्न शुरू
हादसे में जान गंवाने लोगों में से तीन लोगों की पहचान हो गई है और दो लोगों की पहचान होना बाकी है। पहचाने गए लोगों में एक शख्स बिहार से सिवान के रहने वाले थे। उनका नाम बलिराम भगत है और उनकी उम्र 36 साल थी। वहीं, फिरोजबाद के खैरगढ़ इलाके के आकाश और यूपी के मिर्जापुर के सुनील कुमार की भी इस हादसे में मौत हो गई है। इस मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं।