उत्तर प्रदेश के मथुरा में प्रेम विवाह से नाराज होकर एक युवती की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरे धर्म के युवक से शादी करने पर युवती के परिजन उससे नाराज थे। युवती के भाई ने कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया। पति की शिकायत और पुलिस की जांच के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि युवती की मां और मौसी से भी पूछताछ की जा रही है। कब्रिस्तान से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र की बद्री नगर नई बस्ती निवासी नाजिया उर्फ जन्नत दिल्ली में स्पोर्ट्स के कपड़े बनाने वाली एक फैक्टरी में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात राजस्थान के झुंझुनू जिले के पचेरीकलां निवासी रविंद्र से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम में बदल गया। करीब दो साल तक संबंध में रहने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया।बताया जा रहा है कि रविंद्र के परिवार को इस रिश्ते से आपत्ति नहीं थी, लेकिन नाजिया के परिजन इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। परिवार की असहमति के बावजूद नाजिया ने करीब चार महीने पहले घर छोड़कर रविंद्र से प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों साथ रहने लगे।
परिवार के बुलाने पर मथुरा आई थी नाजिया
आरोप है कि शादी के बाद भी नाजिया के परिजन इस रिश्ते से नाराज थे। बाद में परिवार की ओर से उसे भरोसा दिलाया गया कि वे दोनों की शादी स्वीकार कर लेंगे और सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह भी कराएंगे। इसके बाद 25 सितंबर को नाजिया की मां और मौसी उसे अपने साथ मथुरा ले आईं।कुछ दिन मायके में रहने के बाद नाजिया ने वापस पति के पास जाने की इच्छा जताई, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बीच उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। पति रविंद्र ने कई बार उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी।
यह भी पढ़ें: विधान परिषद चुनाव में सभी सीटें जीतने की तैयारी, BJP में आने वाले हैं दो MLC?
15 दिन तक संपर्क नहीं हुआ तो पति को हुआ शक
नाजिया से करीब 15 दिन तक संपर्क नहीं होने पर रविंद्र को अनहोनी की आशंका हुई। उसने पत्नी के घरवालों से फोन पर जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में उसे स्पष्ट जवाब नहीं मिला। बाद में परिजनों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।इसके बाद रविंद्र ने राजस्थान के झुंझुनू जिले में पुलिस से शिकायत की और पत्नी के लापता होने की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर राजस्थान पुलिस ने 23 अक्टूबर को मामले की जांच के लिए मथुरा पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद गोविंद नगर थाना पुलिस ने युवती के परिजनों से पूछताछ शुरू की।
पहले करंट लगने से मौत की बात कही
पुलिस की पूछताछ के दौरान नाजिया के परिजन शुरुआत में उसकी जानकारी होने से इनकार करते रहे। बाद में उसके भाई अकरम ने कथित तौर पर बताया कि उसकी बहन की मौत करंट लगने से हुई थी। हालांकि, पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ और उससे आगे पूछताछ की गई।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अकरम ने कथित तौर पर बहन की गला दबाकर हत्या करने और शव को कब्रिस्तान में दफनाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: शिवा शर्मा केस: श्रद्धा दुबे की फरारी पर इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, DCP भी हटाए गए
कब्रिस्तान से निकलवाया गया शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर रविवार को कब्रिस्तान की खुदाई कराई गई। वहां से नाजिया का शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की परिस्थितियों और कारणों की पुष्टि हो सके। इस मामले में नाजिया की मां और मौसी से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनकी भूमिका समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।