सात बार के विधायक और हरियाणा बीजेपी के कद्दावर नेता अनिल विज हमेशा सरकार से अनबन को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल रहे हो या नायब सिंह सैनी... विज ने अपना विरोध प्रकट करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन इस बार वे किसी और बात को लेकर सुर्खियों में है।
72 साल के विज इस बार अपने अंबाला निवास पर आराम कर रहे हैं, वजह उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर है, लेकिन निष्क्रियता को भी सक्रियता में बदलते हुए विज ने अपने घर पर ही मजमा जुटा लिया है। वह गीत गा रहे हैं और लोगों के बीच में मौज मस्ती का परिचय दे रहे हैं। उनकी यह मौज मस्ती का किसी 20-22 साल के युवा के जैसी है।
हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो चुका है। विज की कमी बीजेपी विधायकों को भी खल रही है। उधर, विज को भी विधानसभा न जाना अच्छा नहीं लग रहा है, लेकिन इस बीच वे टीवी पर ही विधानसभा का अपडेट ले रहे हैं। ऐसा नहीं है कि विज पहली बार बिस्तर पर हैं। इससे पहले भी कई दौर आए, जिसमें उन्होंने अपना काम करने का जज्बा दिखाया।
यह भी पढ़ें: विरोधी BJP के सांसद को 'बंग विभूषण' दे दिया, आखिर किधर है ममता बनर्जी की नजर?
ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ सचिवालय जाने वाले मंत्री
अनिल विज को पहली बार 2020 में कोरोना संक्रमण हुआ था। दो साल बाद 2022 में दूसरी बार संक्रमित हुए। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें कई दिनों तक ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। इस दौरान अनिल विज ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ सचिवालय आते थे। उससे पहले पीजीआई चंडीगढ़ से ही विभाग की फाइलों को निपटाते रहे हैं। तब उनके इस समर्पण की खूब तारीफ हुई थी।
जब वॉकर के साथ सचिवालय पहुंचे
साल 2020 में भी अनिल विज अपने बाथरूम में फिसल गए थे। उस वक्त उनकी बायीं जांघ की हड्डी (फीमर) टूट गई थी। डॉक्टरों को ऑपरेशन करना पड़ा। तब भी अनिल विज ने पहले अस्पताल और बाद में अपने घर से विभागों की फाइलें निपटाई। हालत में सुधार होने पर वह घर पर नहीं बैठे। वह वॉकर के साथ सचिवालय आते थे। यहां दिनभर काम निपटाने के बाद घर जाते थे।
यह भी पढ़ें: विरोधी BJP के सांसद को 'बंग विभूषण' दे दिया, आखिर किधर है ममता बनर्जी की नजर?
सात बार के विधायक हैं विज
अनिल विज अंबाला कैंट विधानसभा सीट से सात बार के विधायक हैं। 1990 में सुषमा स्वराज राज्यसभा सदस्य बनीं। उस वक्त अंबाला कैंट विधानसभा खाली हुई तो पहली बार अनिल विज ने यहां विधानसभा चुनाव जीता। 1996 से 2000 तक निर्दलीय विधायक रहे। बाद में बीजेपी दोबारा ज्वाइन की। 2009 से अब तक अंबाला कैंट सीट पर उनका ही कब्जा है। विज की गिनती हरियाणा बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में होती हैं। वे स्वास्थ्य और गृह जैसे अहम मंत्रियों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।